विकास भवन परिसर में बुजुर्ग सरदार से मारपीट का आरोप, महिला ने चप्पलों से बुजुर्ग क़ो पीटा

5956

रायबरेली। विकास भवन परिसर में गुरुवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एक बुजुर्ग सरदार के साथ एक महिला द्वारा कथित तौर पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मामूली विवाद के बाद महिला ने बुजुर्ग के साथ अभद्रता करते हुए चप्पलों से पिटाई कर दी। घटना के बाद परिसर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
बताया जाता है कि बुजुर्ग सरदार कई वर्षों से विकास भवन परिसर में सरकारी दस्तावेजों में लगाए जाने वाले प्रपत्रों को दुरुस्त कराने तथा संबंधित दस्तावेजों को व्यवस्थित कराने का काम करते हैं। इसी के जरिए वह अपनी रोजी-रोटी चलाते हैं। आरोप है कि गुरुवार को एक महिला उनके सामने जबरन बैठ गई। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि महिला ने बुजुर्ग सरदार के साथ चप्पलों से मारपीट की। बुजुर्ग की उम्र अधिक होने के कारण घटना को लेकर मौके पर मौजूद लोगों ने भी नाराजगी जताई। हालांकि, मारपीट की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि संबंधित महिला पूर्व में विकास भवन परिसर में सक्रिय रही है और उसके खिलाफ फर्जी प्रमाण पत्र बनवाने में मदद करने जैसे आरोप लगाए जाते रहे हैं। इन आरोपों के चलते उसे कुछ समय के लिए परिसर से बाहर किए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

घटना ने विकास भवन परिसर में बाहरी लोगों की गतिविधियों और वहां काम करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

👁 6K views
6K views
Click