बेलाताल (महोबा)-विश्व टीबी दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) जैतपुर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “Yes! We Can End TB!” के तहत लोगों को क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में चिकित्सकों ने बताया कि देश के नेतृत्व और जनभागीदारी के माध्यम से टीबी जैसी गंभीर बीमारी को समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने लोगों को टीबी के लक्षणों के बारे में जानकारी देते हुए अपील की कि यदि किसी व्यक्ति में लगातार खांसी, बुखार या वजन कम होने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि केंद्र पर टीबी की मुफ्त जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही निक्षय मित्र योजना के तहत मरीजों को पोषण सहायता भी प्रदान की जा रही है।
इस अवसर पर डॉ. पी. के. सिंह, मनोज रावत, उमेश पंचाल, उमेश सोनी एवं शैलेन्द्र सिंह सेंगर सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और टीबी उन्मूलन के लिए जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
राकेश अग्रवाल रिपोर्ट


