संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला प्रेमी प्रेमिका का शव

2553

गांव के बाहर दो शव मिलने से मचा हड़कंप


रायबरेली– जनपद के मिल एरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत राघनपुर गांव के पास आज सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक और एक युवती ने पेड़ के फंदे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।


घटना का विवरण और शिनाख्त


ग्रामीणों ने जब सुबह खेत की ओर जाते समय पेड़ से दो शवों को लटकते देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मृतकों में से युवक की पहचान शिव बहादुर यादव (पुत्र गंगा यादव) के रूप में हुई है, जो दोहरी ग्राम सभा का निवासी बताया जा रहा है। वहीं, मृतका युवती की अभी तक आधिकारिक तौर पर शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों में उसकी पहचान कराने की कोशिश कर रही है।


पुलिस की कार्यवाही और प्राथमिक जांच


सूचना मिलते ही मिल एरिया थाना प्रभारी बिंद विनय यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सुरक्षित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) संजीव सिन्हा ने भी घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। दोनों के शव एक ही पेड़ पर फंदे से लटके पाए गए।
वही अपर पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

2.6K views
Click