सरकारें बदली… पर न बदली सूरत

14492

सडक बनी दलदल, कीचड का दरिया है और चोटिल होकर जाना है

बेलाताल ( महोबा ) मध्यप्रदेश की सीमा पर बसे गांवों के बाशिंदों को दो- दो राज्यों के निकट होने का खामियाजा भोगना पड रहा है।

खमा से गंज ग्राम तक जाने की सड़क दलदल में तब्दील हो गई है। लोग आए दिन कीचड में तब्दील हो चुके मार्ग में गिरकर चोटिल हो रहे हैं लेकिन न लोक निर्माण विभाग को सुध है न जनप्रतिनिधियों को चिंता।

उल्लेखनीय है मध्य प्रदेश के नौगांव कस्बे को पार कर जाने पर उ.प्र. के महोबा जिले के कुलपहाड तहसील के ९ गांव बसे हैं। जहां तक पहुंचने के लिए पहले म.प्र. के नौगांव जाना पडता है। वहीं ग्राम खमा व ग्राम गंज हैं। खमा से गंज का 5 किमी का सम्पर्क मार्ग पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के कार्य काल में निर्मित हुआ था। इसके बाद से सपा व भाजपा की सरकारें आईं लेकिन सम्पर्क मार्ग की स्थिति लगातार जर्जर होती गई। सडक पर जगह जगह गड्ढे हैं। कीचड – मिट्टी से सराबोर सडक पर वाहन धारक रोजाना फिसल कर गिरते और चोटिल होते हैं. फिर भी सडक की आज तक कोई मरम्मत नही की गयी। हालात यह हैं कि लोगों का पैदल निकलना भी दूभर हो रहा है। प्रतिदिन कई मोटर साइकिल सवार, साइकिल सवार इन बडे बडे गढ्ढों मे गिर कर घायल हो रहे हैं। देवेन्द्र दीक्षित , रामचरन , गनेश प्रसाद , वासुदेव , पंकज समेत दर्जनों गांववासी हाल ही में गिरकर घायल हो चुके हैं।

इस ग्राम की धवर्रा गाँव से दूरी 7 किमी है। जनप्रतिनिधि केवल वोट मांगने आते हैं इसके बाद इन गांवों के बाशिंदों को उनके हाल पर छोड दिया जाता है।

अधिकारियों को इन गांवों में आने की कभी फुरसत ही नहीं मिलती। ऐसे में समस्याओं का निराकरण हो तो कैसे हो।

👁 14.5K views
14.5K views
Click