साइकिल को टक्कर मार भाग रही अनियंत्रित कार डंपर में घुसी, युवक की मौत, महिला गंभीर

3833

गुरबख्शगंज के गंभीरपुर पेट्रोल पंप के पास भीषण हादसा; डायल 112 ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल, महिला जिला अस्पताल रेफर

गुरबक्शगंज रायबरेली– थाना क्षेत्र में बेलगाम रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। गंभीरपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार क्विड कार अनियंत्रित होकर पहले एक साइकिल सवार से टकराई और फिर भागने के प्रयास में आगे चल रहे डंपर में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ में मौजूद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

लालगंज-बछरावां मार्ग पर गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आए दिन हो रहे सड़क हादसों में एक और युवक की जान चली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सरेनी थाना क्षेत्र के बोडी खेड़ा (धामपुर) निवासी भरत लाल तिवारी (29) तथा सागर (सरेनी) निवासी पदमा सिंह (50) पत्नी कुंवर बहादुर सिंह क्विड कार (UP 33 BR 6879) से लालगंज से बछरावां की ओर जा रहे थे। जैसे ही कार गंभीरपुर स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंची, अनियंत्रित होकर उसने एक साइकिल सवार को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, साइकिल सवार को टक्कर मारने के बाद चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, जिससे कार पूरी तरह अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार गंभीर रूप से घायल होकर भीतर ही फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 पीआरवी (UP 32 DG 8911) बिना देरी किए मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जतुवा टप्पा पहुंचाया।
अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. बृजेश कुमार ने परीक्षण के बाद भरत लाल तिवारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पदमा सिंह के सिर पर गंभीर चोटें होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और डंपर व क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

👁 3.8K views
3.8K views
Click