साधु के भेष में पाउडर झोंक कर लूट की घटना को देते थे अंजाम, 03 अंतर्राज्यीय शातिर अभियुक्त गिरफ्तार

26219

Raebareli -रायबरेली जनपद की बछरावां थाना पुलिस ने हाईवे पर साधु के भेष में पाउडर झोंककर चोरी व लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन अंतर्राज्यीय शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार, 12 दिसंबर को पीड़ित रवि भूषण कुमार ने लिखित तहरीर देकर बताया था कि हाईवे पर उनकी कार को रोककर खुद को साधु बताने वाले अज्ञात व्यक्तियों ने धोखे से उन पर सफेद पाउडर झोंक दिया और इसी दौरान उनके दाहिने हाथ की उंगली से करीब 5 ग्राम वजन की सोने की अंगूठी चोरी कर ली। मामले में थाना बछरावां पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक रायबरेली के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में, क्षेत्राधिकारी महराजगंज के नेतृत्व में बछरावां थाना अध्यक्ष राजीव सिंह की गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बलवान नाथ, विक्रमनाथ और अमरनाथ के रूप में हुई है, जो दिल्ली के गोविंदपुरी थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने साधु का भेष धारण कर हाईवे पर राहगीरों को निशाना बनाने और पाउडर झोंककर चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 2450 रुपये नकद और 3 आधार कार्ड बरामद किए हैं। तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

👁 26.2K views
26.2K views
Click