अलाव तापते समय रची साजिश,बच्चे को घुमाने के बहाने वारदात को दिया अंजाम
लालगंज (रायबरेली)। कस्बे के कुंभड़ौरा मोड़ स्थित बृजेंद्र नगर मोहल्ला में बुधवार सुबह शातिर उचक्का बच्चे को घुमाने के बहाने कार लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी है।
मोहल्ला निवासी उदल सोनी ने बताया कि वह सुबह अपने घर के बाहर 10 वर्षीय बेटे जिगर के साथ अलाव ताप रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और खुद को पुराना परिचित बताते हुए काफी देर तक बातचीत करता रहा। पीड़ित के घर के अंदर जाते ही आरोपी ने बच्चे को बहला-फुसलाकर कार की चाबी मंगवाई और घूमाने के बहाने कार में बैठा लिया।
आरोपी बच्चे को डलमऊ रोड स्थित फ्लाईओवर के नीचे छोड़कर कार समेत फरार हो गया। काफी देर तक जब बच्चा घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। अन्य बच्चों से जानकारी मिली कि आरोपी कार लेकर डलमऊ की ओर भाग गया।
मामले को लेकर प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
अनुज मौर्य/संदीप फ़िज़ा रिपोर्ट


