शीतलहर का कहर,मुख्यमंत्री के आदेश के बाद यूपी में 12वीं तक सभी स्कूल 1 जनवरी तक बंद

68857

Up Desk –उत्तर प्रदेश में बढ़ती ठंड और भीषण शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत राज्य के सभी स्कूलों को पहली जनवरी तक बंद रखने, रैन बसेरों और अलाव की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने और क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने की हिदायत दी गई है।

सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए

सीएम योगी ने कहा कि मौसम की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए राज्य के सभी आईसीएसई, सीबीएसई और यूपी बोर्ड के स्कूलों को 12वीं कक्षा तक 1 जनवरी तक बंद रखा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ठंड से लोगों को बचाने के लिए हर संभव कदम उठाएं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी कहा कि सभी जनपदों में कंबल और अलाव की व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरतमंद लोग सुरक्षित रह सकें। उन्होंने विशेष जोर देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति खुले में न सोए और यदि कोई जरूरतमंद हो तो उसे रैन बसेरों में सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए।

सीएम योगी ने अधिकारियों को आदेश दिया कि वे शीतलहर के दौरान लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहें, ताकि किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके और लोगों को मदद मिलती रहे।

अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि सभी रैन बसेरों में पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और किसी भी परिस्थिति में जनता को ठंड से बचाने के लिए तत्पर रहें। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और ठंड के इस मौसम में कोई भी जोखिम न उठाया जाए।

सीएम योगी ने कहा-प्रदेशवासियों की सेवा और सुरक्षा हमारी शीर्ष प्राथमिकता

सीएम योगी ने कहा कि 25 करोड़ प्रदेशवासियों की सेवा और सुरक्षा हमारी शीर्ष प्राथमिकता है। शीतलहर से बचाव के लिए सरकार ने सभी जनपदों में रैन बसेरों की व्यवस्था और जरूरतमंदों को कंबल वितरण हेतु पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई है।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

👁 68.9K views
68.9K views
Click