बोर्ड परीक्षा 2026 को लेकर सख्त निर्देश जारी, परिचय पत्र जमा करना अनिवार्य

3176

रायबरेली। बोर्ड परीक्षा वर्ष 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक, रायबरेली द्वारा कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। जारी आवश्यक सूचना के अनुसार जनपद के सभी विद्यालयों को बोर्ड परीक्षा से संबंधित कक्ष निरीक्षकों के परिचय पत्र अनिवार्य रूप से निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराना होगा।
निर्देशानुसार सभी विद्यालय अपने-अपने लॉगइन के माध्यम से उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in से कक्ष निरीक्षकों के फोटोयुक्त परिचय पत्र डाउनलोड करेंगे। डाउनलोड किए गए परिचय पत्रों को प्रत्येक दशा में तीन कार्यदिवस के भीतर, विलंबतम 13 फरवरी 2026 तक कार्यालय जिला विद्यालय निरीक्षक, रायबरेली में तीन प्रतियों में फाइल कवर सहित जमा करना अनिवार्य होगा।
जारी निर्देशों के अनुसार परिचय पत्र की तीनों प्रतियों का अलग-अलग उपयोग निर्धारित किया गया है। एक प्रति जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के अभिलेख हेतु, दूसरी प्रति संबंधित शिक्षक के प्रयोगार्थ तथा तीसरी प्रति आवंटित परीक्षा केंद्र के केंद्र व्यवस्थापक को शैक्षिक विवरण उपलब्ध कराने हेतु दी जाएगी। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि परीक्षा केंद्र पर तैनात कक्ष निरीक्षकों के शैक्षिक अभिलेखों की छाया प्रति सुरक्षित रूप से उपलब्ध रहे।
इसके अतिरिक्त सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि अपने विद्यालय के कक्ष निरीक्षकों के फोटोयुक्त परिचय पत्रों पर निर्धारित संख्या के अनुसार आवंटित परीक्षा केंद्र का नाम स्पष्ट रूप से अंकित कर निरीक्षक की प्रति जिला विद्यालय निरीक्षक से हस्ताक्षरित कराते हुए समय से प्रेषित करना सुनिश्चित करें।
निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण न करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही किए जाने की संभावना जताई गई है।

अनुज मौर्य/एडवोकेट मनीष श्रीवास्तव रिपोर्ट

3.2K views
Click