रायबरेली -रायबरेली जिले के हरचंदपुर कस्बे में आज दिनांक 28 मार्च 2026 दिन शनिवार को समय करीब 4:00 बजे उस समय हड़कंप मच गया जब थाना परिसर में चल रहे समझौता वार्ता के दौरान एक 22 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। युवती की पहचान सुप्रिया (22 वर्ष), पुत्री कमलेश कुमार, निवासी हरचंदपुर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुप्रिया का किसी युवक के साथ विवाद चल रहा था, जिसको लेकर दोनों पक्षों को हरचंदपुर थाने में सुलह-समझौते के लिए बुलाया गया था। इसी दौरान बातचीत के बीच अचानक युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद युवती को उसके पिता कमलेश कुमार द्वारा आनन-फानन में एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल, रायबरेली पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवती की हालत नाजुक बनी हुई है।
वहीं, इस पूरे मामले में युवती के पिता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी बेटी ने पुलिस की मौजूदगी में जहरीला पदार्थ खाया, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने कोई तत्परता नहीं दिखाई और कथित तौर पर लड़के को थाने से भगा दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले को लेकर तीन दिन पहले जिलाधिकारी (डीएम) के समक्ष भी शिकायत की गई थी, जिसके बाद ही आज दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया गया था।
घटना के बाद परिजनों में आक्रोश व्याप्त है और वे निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पूरे घटनाक्रम को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली जा रही है। फिलहाल पुलिस ने अभी तक कोई इस पर बयान जारी नहीं किया है
अनुज मौर्य रिपोर्ट


