रायबरेली। जनपद के मिल एरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सुल्तानपुर रोड पर गडरियन पुरवा के पास शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दो चार पहिया वाहनों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दोनों वाहनों में सवार कुल चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर वाहनों के क्षतिग्रस्त हिस्से, मोबाइल फोन, डीजल तथा अन्य सामान बिखर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना 5 जून 2026 दिन शुक्रवार रात करीब 10 बजे हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मिल एरिया थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। वहीं एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
राहगीरों का कहना है कि दुर्घटना में शामिल एक वाहन चालक कथित रूप से नशे की हालत में था, हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद सड़क पर दूर-दूर तक वाहनों के पुर्जे बिखर गए थे। घटना को देखने वाले लोग भी हादसे की भयावहता से सहम उठे
अनुज मौर्य रिपोर्ट


