जिलाधिकारी ने आईटीडीआर का किया निरीक्षण,गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण व आधुनिक सुविधाओं पर दिया गया जोर

19082

रायबरेलीःजिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने आज परिवहन विभाग द्वारा संचालित इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च (आईटीडीआर) का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान में उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं, आधुनिक उपकरणों, कक्षाओं, प्रशिक्षण ट्रैक तथा अभिलेखों का गहन अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए केवल यातायात नियमों का पालन ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि वाहन चालकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षणार्थियों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों, आपातकालीन परिस्थितियों में वाहन संचालन, प्राथमिक उपचार तथा जिम्मेदार ड्राइविंग के संबंध में गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि वे सुरक्षित एवं अनुशासित चालक बन सकें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण कक्षों में उपलब्ध संसाधनों, सिम्युलेटर, ड्राइविंग ट्रैक तथा प्रशिक्षण प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संस्थान में आने वाले प्रत्येक प्रशिक्षणार्थी को निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा मानकों एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक सुधार शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के पश्चात संचालन समिति की बैठक कर इंस्टीट्यूट की कैसे आय बढ़ाई जा सकती है, कैसे इसे जनता के लिए और सुविधाजनक बनाया जा सकता है। इस पर विचार विमर्श कर आवश्यक दिशा निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये गये।
निरीक्षण के दौरान सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अरविन्द कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं संस्थान के कार्मिक उपस्थित रहे।

अनुज मौर्य/प्रतीक सिंह रिपोर्ट

👁 19.1K views
19.1K views
Click