जन्मदिन पर बच्चों संग बांटी खुशियां, तिथि भोजन से दिया सेवा का संदेश

बहादुरनगर कंपोजिट विद्यालय में हुआ आयोजन, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने बच्चों के साथ किया भोजन

रायबरेली। जन्मदिन पर होने वाले खर्च को बच्चों की खुशियों से जोड़कर सेवा और सामाजिक सहभागिता की मिसाल पेश की गई। विकासखंड अमावां की ग्राम पंचायत बहादुरनगर स्थित कंपोजिट विद्यालय में समीक्षा अधिकारी अभिषेक गोस्वामी के जन्मदिवस के अवसर पर तिथि भोजन उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के मार्गदर्शन एवं खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ।

तिथि भोजन के तहत विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन कराया गया। बच्चों ने उत्साह के साथ सामूहिक रूप से भोजन किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने भी बच्चों के साथ भोजन कर उनके बीच खुशियां साझा कीं।

आयोजकों ने बताया कि तिथि भोजन का उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के साथ समाज में आपसी सहयोग, सामुदायिक सहभागिता और सेवा भावना को बढ़ावा देना है। जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसर को बच्चों के साथ साझा कर सामाजिक सरोकार से जोड़ने की पहल की क्षेत्र में सराहना की गई।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान नीलम सिंह, ग्राम विकास अधिकारी शिवेंद्र सिंह, ग्राम रोजगार सेवक अखिलेश सिंह, पंचायत सहायक नेहा मौर्या, प्रधानाध्यापक अबशारुल मेराज जाफरी, सहायक अध्यापक राज भरत राजभर, जय सिंह यादव, शिखा सिंह, मंगेशलता, शिक्षामित्र शिव सागर एवं सीता सिंह मौजूद रहे।

इसके अलावा रसोइया ओम देवी, रामरती उर्फ बाबुदेई, सवित्री व सुमित्रा, आंगनबाड़ी कार्यकत्री शोभा व मालती, सफाईकर्मी भोला व श्याम किशोर समेत गांव के कई गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

सामूहिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देते हैं ऐसे आयोजन

खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग के लिए खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह एवं समीक्षा अधिकारी अभिषेक गोस्वामी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि तिथि भोजन जैसे आयोजन बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने के साथ ही समाज में सामूहिक जिम्मेदारी, सहयोग और सेवा भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

👁 7.6K views
7.6K views
Click