डंपर ने बाइक सवार दो किशोरों को रौंदा, 16 वर्षीय सोनू की मौत,साथी गंभीर

1058

10 से 15 दिनों में सड़क हादसों में 7 से 8 लोग गंवा चुके हैं जान

हाल ही में सिर से उठा था पिता का साया, अब दूसरे नंबर के बेटे की मौत से परिवार में कोहराम

गुरबख्शगंज (रायबरेली)। जनपद के गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र में बेलगाम वाहनों का कहर लगातार मासूमों की जिंदगियां छीन रहा है। बीते पखवाड़े भर में आधा दर्जन से अधिक मौतों के बाद भी रफ्तार का खूनी खेल जारी है। ताजा घटनाक्रम में गुरबख्शगंज के गन्ना कांटा के समीप एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो किशोरों को पीछे से टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 15 वर्षीय साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। क्षेत्र में पिछले 10 से 15 दिनों के भीतर सड़क हादसों में 7 से 8 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इसी क्रम में हाजीपुर पोस्ट अंतर्गत पूरे यदुनाथ सिंह का पुरवा निवासी सोनू (16 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय अमर बहादुर अपने साथी शुभम (15 वर्ष) पुत्र राकेश कुमार (निवासी मकरईली, हाजीपुर) के साथ बाइक (संख्या UP 33 BN 3239) पर सवार होकर गुरबख्शगंज किसी कार्य से गया हुआ था।
काम निपटाकर जब दोनों घर लौट रहे थे, तभी गन्ना कांटा के पास पीछे से आ रहे डंपर (संख्या HR 58 F 2695) ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से लहुलूहान हो गए।

घटना के तुरंत बाद राहगीरों ने सक्रियता दिखाते हुए एंबुलेंस की मदद से दोनों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जतुआ टप्पा पहुंचाया। अस्पताल में तैनात डॉ. जितेंद्र कुमार ने दोनों का परीक्षण किया। जांच के बाद चिकित्सक ने सोनू को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल शुभम का प्राथमिक उपचार अस्पताल में शुरू किया गया।
​
परिजनों के अनुसार, कुछ समय पूर्व ही सोनू के पिता अमर बहादुर का देहांत हुआ था। सोनू तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंची मां और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता के वियोग से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि घर के दूसरे चिराग के बुझ जाने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
​सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और डंपर को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

👁 1.1K views
1.1K views
Click