Bank Strike Deferred: 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल टल गई है। IBA और UFBU के बीच देर रात हुई बैठक में 5-डे बैंकिंग और अन्य मांगों पर समिति बनाने की सहमति बनी। देशभर में सभी बैंक शाखाएं सामान्य रूप से खुली रहेंगी और कामकाज सुचारू चलेगा।
28 Sep 2026, 07:11 AM
Bank Strike Deferred: देश में करोड़ों बैंक कस्टमर्स के लिए राहत भरी खबर है। आज यानी 28 सिंतबर से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल को फिलहाल टाल दिया गया है। रविवार, 27 सितंबर देर रात हुई एक अहम बैठक में बनी सहमति के बाद यह फैसला लिया गया है। ऐसे में सभी शाखाएं अपने तय समय पर सामान्य रूप से काम करेंगी।
क्यों टली राष्ट्रव्यापी हड़ताल?
दरअसल, इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत हुई। दोनों पक्षों के बीच इस बात पर सहमति बनी कि सभी शनिवारों को आधिकारिक छुट्टी घोषित करने के मुख्य मुद्दे पर तुरंत एक उच्चस्तरीय संयुक्त समिति बनेगी। यह समिति सभी पक्षों और ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखकर व्यावहारिक रास्ता तलाशेगी। इसके साथ ही स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए PLI स्कीम व अन्य पुराने लंबित मुद्दों पर भी विचार जारी रहेगा।
बैंक कर्मचारियों की क्या हैं मांगे?
बता दें कि काफी लंबे समय से बैंक कर्मचारी हफ्ते में पांच दिन बैंकिंग वर्किंग डे लागू करने की डिमांड कर रहे हैं। यानी, हर शनिवार और रविवार को पूर्ण अवकाश करने की मांग है। बैंक यूनियनों का तर्क है कि इस विषय पर पहले सहमति बनने के बाद भी लागू करने में बेवजह देरी की गई। इसके अलावा वे पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली, NPS कर्मियों को विकल्प देने, लंबित वेतन संशोधन और प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (PLI) से जुड़ी विसंगतियों को दूर करने की मांग कर रहे हैं।
सरकारी कर्मचारियों की पहले ही आ गई थी सैलरी
गौरतलब है कि हड़ताल की आशंका को देखते हुए केंद्र सरकार ने पुख्ता इंतजाम कर लिए थे। डिफेंस, डाक और टेलीकॉम डिपॉर्टमेंट के कर्मचारियों सहित इंडस्ट्रियल वर्कर्स को सितंबर महीने का वेतन, मजदूरी और पेंशन 25 सितंबर को ही अग्रिम के तौर पर जारी कर दी गई थी। इस भुगतान का अंतिम हिसाब-किताब अब अक्टूबर के वेतन में समायोजित किया जाएगा। रेलवे बोर्ड की वित्त शाखा के निर्देश पर रेल कर्मियों को भी तय समय से पहले भुगतान की स्पष्ट अनुमति मिल गई थी।
अनुज मौर्य रिपोर्ट


