सरेनी(रायबरेली )।मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए मंगलवार का दिन हादसे में बदल गया।सरेनी-लालगंज मुख्य मार्ग पर संवरैया नदी में प्रतिमा विसर्जन के बाद ट्रैक्टर से लौट रहे चार श्रद्धालु सिटकिहा बाबा मंदिर के पास इंड़ेन गैस गोदाम के पास हाईटेंशन करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।आनन-फानन में सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरेनी पहुंचाया गया,जहां तीन की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।जानकारी के मुताबिक,ठंगैचा गांव निवासी मोहित पुत्र सुरेश,राजेश्वरी पत्नी जितेंद्र,अनुज पुत्र रमेश और शिखा पत्नी पृथ्वीराज मंगलवार को संवरैया नदी में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जित करने के बाद ट्रैक्टर से घर लौट रहे थे।इसी दौरान ट्रैक्टर पर स्टील के पोल में बंधा झंडा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया।देखते ही देखते ट्रैक्टर सवार चार श्रद्धालु करंट की चपेट में आ गए।हादसे में चारों गंभीर रूप से प्रभावित हुए,जिसके बाद उन्हें तत्काल सीएचसी सरेनी ले जाया गया।सीएचसी अधीक्षक डॉ. शुभम सिंह ने बताया कि करंट की चपेट में आने से दो महिलाओं और दो पुरुषों समेत चार लोगों को अस्पताल लाया गया था।इनमें मोहित,राजेश्वरी और अनुज की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया,जबकि शिखा की हालत ठीक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
अनुज मौर्य रिपोर्ट


