KG क्लास की बच्ची पर ईंट से 12 वार:तीसरी के स्टूडेंट ने सिर बेंच पर पटका; शिक्षा मंत्री बोले-VIDEO वीभत्स, देख नहीं पाया

986

नेशनल डेस्क -हरियाणा के पंचकूला के एक प्रसिद्ध स्कूल में KG की छात्रा पर तीसरी कक्षा के छात्र ने बेरहमी से हमला कर दिया। यह पूरी घटना कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें छात्र बच्ची पर 12 बार ईंट मारता हुआ दिखाई दे रहा है।

उसने 2 बार बाल पकड़कर उसका सिर डेस्क से पटका और 19 बार पैर से उसके चेहरे पर वार किए। वह काफी देर तक उसे घसीटता रहा और। मामले का पता तब चला जब ऑटो ड्राइवर बच्ची को लेने स्कूल पहुंचा, लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद परिजन तुरंत स्कूल पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की।

पीड़िता के चाचा के मुताबिक, हमला करने वाले बच्चे ने ही उन्हें बताया कि वे जिसे ढूंढ रहे हैं, वह कक्षा में पड़ी है। इसके बाद बच्ची को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई (PGI) चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

उधर, इस मामले में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि जिस तरह का वीडियो है, उसे देखना भी मुश्किल है। उन्होंने इस मामले की जांच के लिए मुख्यालय स्तर पर कमेटि गठित करने के निर्देश दिए हैं, जो आज शाम या कल सुबह तक अपनी रिपोर्ट देगी।

वीडियो में क्या दिखाई दे रहा है, सिलसिलेवार जानिए…

बेंच पर सिर के बल 2 बार पटका: सोशल मीडिया पर वायरल 1 मिनट 36 सेकेंड के वीडियो में तीसरी कक्षा में पढ़ने वाला 8 साल का बच्चा KG में पढ़ने वाली 6 साल की बच्ची पर हमला करता नजर आ रहा है। वीडियो में बच्चा पहले बच्ची को पकड़कर क्लासरूम में रखी बेंच पर सिर के बल 2 बार पटकता है। इसके बाद उसके बाल पकड़कर जमीन पर गिरा देता है।
सिर और पेट पर लात से किए वार: बच्ची को जमीन पर गिराने के बाद बच्चा उसके सिर और पेट पर 3 बार लात मारता दिखाई देता है। इस दौरान बच्ची उठने का प्रयास करती है, लेकिन बच्चा क्लासरूम के दूसरे कोने में जाता है और वहां से ईंट उठाकर लाता है।
चेहरे पर ईंट फेंककर मारी: बच्चा तेजी से बच्ची के चेहरे पर ईंट फेंककर मारता है। इससे बच्ची जमीन पर गिर जाती है। इसके बाद बच्चा दोबारा ईंट उठाता है और उसके सिर पर वार करता है। बच्ची सिर पकड़कर रोने लगती है, लेकिन बच्चा फिर भी नहीं रुकता।
बाल पकड़कर जमीन पर पटका: वीडियो में बच्चा बच्ची के बाल पकड़कर उसे फिर से जमीन पर पटकता नजर आता है। इसके बाद वह उसके पेट पर पैर रखकर खड़े होने की कोशिश करता है और पेट पर 2 बार पैर से वार करता है। बच्ची जमीन पर पड़ी रहती है, जबकि बच्चा पास में पड़ी ईंट उठाकर उसके सिर पर फिर से हमला करता है।
लगातार ईंट से करता रहा हमला: बच्ची के जमीन पर गिरने के बाद भी बच्चा बार-बार ईंट उठाकर उसके सिर और चेहरे पर वार करता दिखाई देता है। वीडियो में बच्चा बच्ची के सिर पर ईंट से हमला करने के बाद पैर से भी कई बार वार करता है। बच्ची दर्द से तड़पती नजर आती है, लेकिन बच्चा लगातार हमला करता रहता है।
चेहरे और सिर पर बार-बार मारी ईंट: बच्चा इसके बाद फिर ईंट उठाकर बच्ची के चेहरे पर फेंककर मारता है। फिर पैर से वार करता है और बच्ची के पेट पर दोनों पैर रखकर दूसरी तरफ चला जाता है। दूसरी तरफ जाने के बाद भी वह ईंट उठाकर उसके सिर पर हमला करता है।
जाते-जाते भी सिर पर किए वार: वीडियो के अंतिम हिस्से में बच्चा बच्ची के सिर पर ईंट से दोबारा वार करता दिखाई देता है। इसके बाद वह पैर से उसके सिर पर 3 बार वार करता है और वहां से चला जाता है।

चाचा बोले- बेटी की हालत देख पिता बेहोश हुए

बच्ची के चाचा ने बताया कि वारदात वाले दिन बच्ची रोज की तरह स्कूल गई थी, लेकिन तीन बजे छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंची। ऑटो चालक उसे लेने पहुंचा तो बच्ची वहां नहीं मिली। इसके बाद बच्ची के पिता स्कूल पहुंचे, जहां हमला करने वाले बच्चे ने उन्हें बताया कि उनकी बेटी ऊपर कमरे में पड़ी है।

कमरे में पहुंचने पर बच्ची खून से लथपथ हालत में मिली, जिसे देखकर उसके पिता बेहोश हो गए। इसके बाद वे बच्ची को पहले एल्केमिस्ट अस्पताल लेकर गए, जहां करीब तीन से चार घंटे रखने के बाद उसे रेफर कर दिया गया। इसके बाद बच्ची को पीजीआईएमईआर में भर्ती कराया।

स्कूल की व्यवस्था पर उठाए सवाल

उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल में स्टाफ की कमी के कारण दो-दो और तीन-तीन कक्षाओं के बच्चों को एक ही कमरे में बैठाया जाता था और घटना के समय पर्याप्त शिक्षक मौजूद नहीं थे। उन्होंने स्कूल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के बाद सीसीटीवी कैमरों की निगरानी क्यों नहीं की गई और समय रहते बच्ची की मदद क्यों नहीं हो सकी।

चाचा ने कहा कि बच्ची की हालत में पहले से कुछ सुधार है, लेकिन उसके साथ जिस तरह की बेरहमी हुई, उसे देखकर परिवार सदमे में है। उन्होंने इस घटना को सभी सरकारी और निजी स्कूलों के लिए सबक बताते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्कूलों में पर्याप्त स्टाफ और निगरानी की व्यवस्था होनी चाहिए।

शिक्षा मंत्री ने जांच के लिए हेडक्वार्टर लेवल पर कमेटी बनाई

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि मामला संज्ञान में आते ही उन्होंने घटना का वीडियो देखा, जिसे देख पाना भी मुश्किल है। उन्होंने तुरंत अधिकारियों को निर्देश देकर मुख्यालय स्तर पर एक कमेटी गठित करवाई, जो मामले की जांच कर रही है।

कमेटी की रिपोर्ट आज शाम तक या कल सुबह तक आने की उम्मीद है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मामले में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

👁 986 views
986 views
Click