हाइलाइट्स
- 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाएं, बारिश से मौसम बदला
- गेहूं की खड़ी और कटी फसल को भारी नुकसान, किसानों की चिंता बढ़ी
- 1.4 मिमी बारिश दर्ज, अगले दिनों में भी मौसम अस्थिर रहने की संभावना
रायबरेली -जिले में शनिवार को मौसम ने ऐसा रंग बदला कि लोगों को गर्मी से राहत तो जरूर मिली लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई। अचानक हुई बारिश और तेज हवाओं ने खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचाया, वहीं खलिहानों में रखी फसल भी भीग गई।
सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा रहा और धूप-छांव का सिलसिला चलता रहा। उमस भरी गर्मी के बीच लोग बारिश की उम्मीद लगाए बैठे थे जो दोपहर होते-होते पूरी हो गई। जिले के कई हिस्सों में अचानक तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चलीं, जिससे हालात और बिगड़ गए। मौसम विभाग के मुताबिक हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
मौसम विभाग द्वारा जारी शनिवार की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिसे दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम रहा। जिले का न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस (डिसे) रहा। हवा में नमी बढ़ने से आर्द्रता 49/41 प्रतिशत तक पहुंच गई। सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक 1.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
आगे क्या
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे में किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें, खलिहानों में ढंककर रखें और मौसम के पूवार्नुमान पर नजर बनाए रखें।
शहर से ग्रामीण क्षेत्रों मे पहले हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई लेकिन कुछ ही देर में यह रिमझिम बारिश में बदल गई। तेज हवा के झोंकों के साथ हुई इस बारिश ने किसानों को संभलने का मौका भी नहीं दिया। खलिहानों में खुले में रखी गेहूं की फसल भीग गई जिससे उसकी गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। कई किसानों ने बताया कि उन्होंने मौसम साफ समझकर फसल खुले में सुखाने के लिए रखी थी लेकिन अचानक बारिश ने पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया।
चिंतित हुआ अन्नदाता
जिले में अभी गेहूं की कटाई का काम पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। बड़ी संख्या में खेतों में फसल अभी भी खड़ी है जबकि जहां कटाई हो चुकी है वहां फसल खलिहानों में पड़ी है। ऐसे में यह बारिश दोनों ही स्थितियों में नुकसानदेह साबित हो रही है। खड़ी फसल गिर रही है जबकि कटी फसल भीगकर खराब हो रही है। हालांकि, इस बदले मौसम से आम लोगों को राहत जरूर मिली है। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी से लोग परेशान थे।
अनुज मौर्य रिपोर्ट


