आठ माह के बच्चे समेत सूखे कुएं में कूदी युवती

14953

रिपोर्ट- सुधीर त्रिवेदी वरिष्ठ संवाददाता
बच्चे की अस्पताल में मौत, मां का किया जा रहा उपचार
पति की शराबखोरी और मारपीट से परेशान होकर उठाया कदम ।

बांदा। सात जन्मों का साथ निभाने का वादा करने वाले पति ने जब प्रताड़ना की सारी हदें पार कर दीं तो युवती अपने आठ माह के बेटे को लेकर घर के समीप सूखे कुएं में कूद गई। इस घटना में मासूम बेटे की मौत हो गई। जबकि मां का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है। घायल युवती ने बताया कि उसका पति उसके साथ पिछले सात दिन से मारपीट कर रहा है। घटना के पूर्व दोपहर को पति ने उसे बेरहमी से पीटा।
घटना अतर्रा थाना क्षेत्र के पथरा गांव की है। वहां रहने वाली कलावती (22) पत्नी राकेश वर्मा ने रविवार की दोपहर को घर के समीप स्थित सूखे कुएं के पास पहुंची। पहले अपने आठ माह के बच्चे शिवम को कुएं फेंका और फिर खुद भी कूद गई। आसपास मौजूद लोगों ने देखा तो किसी तरह से दोनो को बाहर निकाला और जिला अस्पताल आए। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने मासूम शिवम को मृत घोषित कर दिया। जबकि कलावती का उपचार किया जा रहा है। जिला अस्पताल में कलावती ने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी है। उसके साथ अक्सर मारपीट करता है। एक सप्ताह से लगातार वह उसकी पिटाई कर रहा है। खाना तक खाने को नहीं देता और घर से चले जाने की बात कहता है। लेकिन वह चुप रही। कलावती ने बताया कि रविवार की दोपहर को पति ने उसे बेहरमी से पीटा। पति की प्रताड़ना और उसकी शराबखोरी से परेशान होकर उसने घटना को अंजाम दिया। बेटे की मौत के बाद कलावती का रो-रोकर बुरा हाल है। घटनाकी खबर पाकर युवती के मायके वाले भी अस्पताल पहुंच गए। मालुम हो कि दो वर्ष पूर्व कलावती की शादी हुई है।

👁 15K views
15K views
Click