बाँदा —- चित्रकूटधाम मण्डल बाँदा के आयुक्त ने जनसामान्य को आश्वस्त किया है कि मंडल के समस्त जनपदों में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता पर्याप्त है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित है। किसी प्रकार की कमी अथवा बाधा नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन या गैस का भंडारण न करें।
गौरतलब है कि चित्रकूट धाम मण्डल बाँदा के आयुक्त अजीत कुमार ने बताया कि भारत सरकार द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर एलपीजी गैस उपलब्ध कराई जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार होम डिलीवरी की व्यवस्था भी संचालित है। इस संबंध में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे आमजन को सही जानकारी प्राप्त हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा असत्य सूचना के प्रसार को तत्काल रोका जाए। गैस सिलेण्डर वितरण के दौरान अव्यवस्था अथवा कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही गैस सिलेण्डर के परिवहन एवं वितरण से जुड़े वाहनों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने को कहा गया है।
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कालाबाजारी, अवैध बिक्री अथवा अनियमित वितरण पर प्रभावी नियंत्रण हेतु नियमित निरीक्षण कराया जाए तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। घरेलू गैस सिलेण्डरों का वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में उपयोग किसी भी स्थिति में न होने पाए। ऐसे प्रकरण पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराने की व्यवस्था बनाए रखने पर बल दिया गया है।
उन्होंने राजस्व, खाद्य एवं रसद विभाग तथा तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस द्वारा संयुक्त क्षेत्र भ्रमण करने के निर्देश दिए हैं। जनपद स्तर पर गैस वितरण से संबंधित सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान एवं समन्वय हेतु नियंत्रण कक्ष स्थापित करने तथा किसी भी आपूर्ति बाधा या कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति की सूचना तत्काल उपलब्ध कराकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि गैस सिलेण्डर बुकिंग प्रणाली को पारदर्शी एवं सुगम बनाया जाए, ताकि किसी भी उपभोक्ता को बुकिंग में कठिनाई न हो। सभी गैस एजेंसियों को अपने हेल्पलाइन एवं टोल-फ्री नंबर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने तथा उनका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया है, जिससे उपभोक्ता आसानी से संपर्क कर सकें।
तेल एवं गैस कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यकतानुसार अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जिन एजेंसियों या पेट्रोल पंपों पर कमी है वहाँ प्राथमिकता के आधार पर आपूर्ति कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। अस्पताल, एम्बुलेंस, अग्निशमन सेवाओं, सार्वजनिक परिवहन तथा अन्य आपात सेवाओं के लिए ईंधन की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
संवेदनशील स्थलों पर भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने के निर्देश देते हुए आयुक्त ने कहा कि प्रशासन नागरिकों को निर्बाध एवं सुरक्षित आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शांति एवं संयम बनाए रखें तथा किसी भी समस्या की सूचना प्रशासन को तत्काल दें।
सुधीर त्रिवेदी रिपोर्ट


