एसपी रायबरेली का थाना भदोखर पर आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर सख्त निर्देश

476

रायबरेली। पुलिस अधीक्षक रायबरेली श्री रवि कुमार द्वारा मंगलवार को थाना भदोखर का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की हकीकत परखी गई। निरीक्षण के दौरान थाने में संचालित अभिलेखों, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, मैस, बैरक तथा बंदीगृह की गहनता से जांच की गई।
निरीक्षण के समय पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों के रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्हें पूर्ण रूप से सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही महिला एवं साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए स्पष्ट रूप से निर्देशित किया।
पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिसकर्मियों की सुविधाओं का भी बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि ड्यूटी में शिथिलता, अनुशासनहीनता अथवा जनता की शिकायतों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी श्री रवि कुमार ने थाना स्टाफ को कानून-व्यवस्था को हर हाल में मजबूत बनाए रखने, आमजन से संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार करने तथा अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने के कड़े निर्देश दिए।

अनुज मौर्य/एडवोकेट मनीष श्रीवास्तव रिपोर्ट

476 views
Click