चोरी करते पकड़े गए चार बदमाश, दो गिरफ्तार; सीएचसी में जमकर हंगामा

1030

लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के रिसाली का पुरवा, उतरा गौरी गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक घर में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे चार संदिग्ध चोरों को परिजनों ने रंगे हाथ पकड़ने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि घर वालों की सतर्कता से दो आरोपित ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिए गए, जबकि दो अन्य मौके से फरार होने में सफल रहे।

घटना के बाद गांव में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पकड़े गए आरोपितों को हिरासत में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लालगंज ले गई। वहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि चोर घर में रखे करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा लगभग एक लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घर के पास खड़े एक ई-रिक्शा में भी आरोपितों ने आग लगा दी, जिससे उसे नुकसान पहुंचा।

इधर, उपचार के बाद जब पुलिस आरोपितों को अपने साथ ले जाने लगी तो पीड़ित परिवार और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। परिजन आरोपितों को वाहन से नीचे उतारने की मांग पर अड़ गए, जिससे सीएचसी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति भी उत्पन्न हो गई।

काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार दो अन्य आरोपितों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

👁 1K views
1K views
Click