तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार को रौंदा, 58 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत

1023


गुरुबख्शगंज के शिवम एक्सरे सेंटर के पास हुआ भीषण हादसा

रायबरेली (सतांव)
जनपद के गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में रायबरेली मार्ग पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने साइकिल सवार बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक परिवार के एकमात्र भरण-पोषणकर्ता थे, जिनकी अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सब्जी खरीदने जाते समय हुआ हादसा

बाजार में सब्जी खरीदने जा रहे थे मृतक, परिवार का एकमात्र सहारा छिनने से छाया मातम

जानकारी के अनुसार, खीरों विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत मेरा मऊ निवासी श्रीनारायण उर्फ शुक्ला (58 वर्ष) पुत्र भगवती प्रसाद नाई, मंगलवार को साइकिल पर सवार होकर गुरुबख्शगंज बाजार सब्जी लेने जा रहे थे। जैसे ही वह रायबरेली मार्ग स्थित शिवम एक्सरे सेंटर के समीप पहुंचे, तभी रायबरेली की ओर से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल (संख्या UP 33 AV 2422) ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
​अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद मौके पर राहगीरों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस और 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जतुवा टप्पा ले जाया गया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. बृजेश कुमार ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक श्रीनारायण अपने पीछे पत्नी, 26 वर्षीय पुत्र सचिन और पुत्री ज्योत्सना को छोड़ गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार परिवार की माली हालत पहले से ही बेहद कमजोर है और घर का पूरा खर्च श्रीनारायण की ही कमाई पर निर्भर था। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्राम प्रधान भी अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

घटना के बाद से क्षेत्र और गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों व स्थानीय निवासियों ने मुख्य मार्ग पर आए दिन तेज गति और लापरवाही से दौड़ रहे वाहनों पर गहरी चिंता जताई है और प्रशासन से गति नियंत्रण व सख्त यातायात निगरानी की मांग की है।

अनुज मौर्य/प्रतीक सिंह रिपोर्ट

👁 1K views
1K views
Click