अघोषित बिजली कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त

28980

महराजगंज, रायबरेली। कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की अघोषित कटौती से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। भीषण गर्मी व उमस तथा मच्छरों के आतंक से लोगों की नींद हराम होने के साथ ही दिनचर्या भी प्रभावित हो रही । लेकिन बिजली विभाग है कि उसकी कटौती दिन ब दिन बढ़ती ही जा रही है।

सोमवार को दिन भर बिजली की आवाजाही लगी रही। वहीं भीषण गर्मी के बीच लो वोल्टेज की वजह से भी लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बीते सप्ताह शुक्रवार की सुबह नींद से उठे कस्बे के लोगों को बिजली कटौती की वजह से नगर पंचायत में लगे पंप तक नहीं चल पाए। जिसकी वजह से लोगों को शुद्ध पानी तक नसीब नहीं हुआ।

वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी भीषण कटौती हो रही है। बिजली कटौती होने पर लोग गर्मी से बेहाल बाहर इधर उधर समय काटते नजर आ जाते हैं।

धान की रोपाई शुरू हो चुकी है। लेकिन अघोषित बिजली कटौती से ट्यूबवेल भी नहीं चल पा रहे हैं । क्षेत्रीय किसान राजाराम सुरेश अब्बास अली आदि ने बताया कि पूरी व्यवस्था ही ध्वस्त हो गई है। इस समय तो कोई रोस्टर रहा ही नहीं। जब जी चाहा बिजली काट दी।

इस समय ग्रामीण क्षेत्रों में 12-14 घंटे व कस्बे में 14-16 घंटे बिजली डेढ़ दर्जन से अधिक बार में मिल रही है। उधर अवर अभियंता अवनीश कुमार ने बताया कि ऊपर से ही कटौती होने पर विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है, बाकी उपकेंद्र से विद्युत सप्लाई करने का पूरा प्रयास रहता है।

  • अशोक यादव एडवोकेट
👁 29K views
29K views
Click