रायबरेली: आखिरी बड़े मंगल पर उमड़ी आस्था, हनुमान मंदिरों में दिनभर रहा श्रद्धालुओं का सैलाब

रायबरेली। ज्येष्ठ मास का अंतिम और पांचवां बड़ा मंगल आस्था और उल्लास भाव के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों के मंदिरों के कपाट खुलते ही हनुमान जी के दर्शन और पूजन-अर्चन के लिए भक्तों की कतार लग गई। चिलचिलाती धूप और उमस के बावजूद श्रद्धालु मंदिरों में लंबी कतार में खड़े रहे और बजरंगबली के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

भक्तों ने मंगलाआरती, शंखनाद के बीच जयकारे लगाए। सदर क्षेत्र के प्रतिष्ठित अभय दाता हनुमान मंदिर समेत अन्य हनुमान मंदिरों में दर्शन के लिए भक्तों की कतार लगी रही। हनुमान चालीसा, बजरंग बाण, और सुंदरकांड का पाठ मंदिरों और घरों में गूंजता रहा।

आखिरी मंगल होने के कारण श्रद्धालुओं में अधिक उत्साह नजर आया। जगह-जगह भंडारों का आयोजन भी किया गया। भक्तों ने बजरंगबली के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य अर्जित किया। रायबरेली सदर क्षेत्र के शक्ति नगर, रेलवे कॉलोनी, सर्वोदय नगर, मधुबन समेत ग्रामीण इलाकों में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया

👁 14.3K views
14.3K views
Click