सेना मे तैनात जवान प्रदीप कुमार शर्मा जम्मू-कश्मीर में सड़क हादसे के हुए शिकार,हुई मृत्यु

3121

रायबरेली -रायबरेली जनपद के सरेनी थाना क्षेत्र के गहरौली गांव निवासी भारतीय सेना के जवान प्रदीप कुमार शर्मा जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में हुए दर्दनाक हादसे में शहीद हो गए। सेना का बुलेटप्रूफ वाहन कैस्पिर पहाड़ी रास्ते से गुजर रहा था, तभी खराब मौसम और दुर्गम मार्ग के कारण वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में 10 जवान शहीद हो गए, जबकि कई अन्य जवान घायल बताए जा रहे हैं।
शहीद प्रदीप कुमार शर्मा (38) पुत्र रमेश शर्मा भारतीय सेना की 19 सिख रेजिमेंट में तैनात थे। उन्होंने वर्ष 2010 में सेना जॉइन की थी। हाल ही में वे 20 जनवरी 2026 को अपने पैतृक गांव गहरौली आए थे और छुट्टी समाप्त होने के बाद 19 फरवरी को पुनः ड्यूटी पर लौट गए थे। ड्यूटी के दौरान पहाड़ी क्षेत्र में सेना का वाहन खराब मौसम और कठिन रास्तों के कारण खाई में गिर गया, जिसमें वे देश की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गए।
शहीद प्रदीप कुमार शर्मा अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके पिता रमेश शर्मा छत्तीसगढ़ में प्राइवेट नौकरी करते हैं, जबकि माता पूनम शर्मा गृहिणी हैं। वर्ष 2014 में उनका विवाह लालगंज क्षेत्र के रेल कोच फैक्ट्री के पास स्थित दीपे मऊ गांव की कल्पना शर्मा के साथ हुआ था। कल्पना शर्मा भी गृहिणी हैं।
शहीद अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी इशिका (11 वर्ष) कक्षा तीन में मुन्नी देवी राज नारायण पब्लिक स्कूल में पढ़ती है। बेटा युवराज (8 वर्ष) कक्षा दो का छात्र है, जबकि सबसे छोटी बेटी अंशिका (6 वर्ष) यूकेजी में पढ़ाई कर रही है।
घर के इकलौते बेटे के शहीद होने की खबर मिलते ही परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जैसे ही यह दुखद समाचार गहरौली गांव और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचा, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने शहीद जवान को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

👁 3.1K views
3.1K views
Click