New Delhi /Raebareli भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) का संयुक्त दीक्षांत समारोह यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर, नई दिल्ली में दिनांक 31 अगस्त’ 2026 को आयोजित किया गया। इस गरिमामय समारोह में निफ्ट रायबरेली सहित देशभर के 18 निफ्ट परिसरों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थी एक साथ सम्मिलित हुए। यह अवसर विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, रचनात्मक प्रयासों तथा शिक्षा से पेशेवर जीवन की ओर उनके बढ़ते कदमों का सामूहिक उत्सव बना।
समारोह में भारत की माननीय राष्ट्रपति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर केंद्रीय वस्त्र मंत्री, वस्त्र सचिव, निफ्ट की महानिदेशक, डीन (अकादमिक) , प्रमुख–अकादमिक मामले तथा निफ्ट रायबरेली की निदेशक सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
संयुक्त दीक्षांत समारोह में निफ्ट रायबरेली के कुल 143 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें फैशन कम्युनिकेशन के 32, फैशन डिजाइन के 32, एक्सेसरी डिजाइन के 26, लेदर डिजाइन के 23 तथा बैचलर ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी के 7 विद्यार्थियों को स्नातक उपाधि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, मास्टर ऑफ फैशन मैनेजमेंट के 23 विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर उपाधि प्रदान की गई।
समारोह में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन, प्रतिभा और संस्थान के प्रति उल्लेखनीय योगदान के लिए निफ्ट रायबरेली के विद्यार्थियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
फैशन कम्युनिकेशन विभाग की प्रतिष्ठा बुडाकोटी को प्रतिष्ठित ‘निफ्ट स्टूडेंट ऑफ द ईयर अवॉर्ड’ तथा फैशन एंड लाइफस्टाइल एक्सेसरीज़ विभाग की अनन्या सक्सेना को ‘निफ्ट एक्स्ट्राऑर्डिनरी सर्विस अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।
विभागवार दिये जाने वाले ‘बेस्ट एकेडमिक परफॉर्मेंस अवॉर्ड’ के अंतर्गत मास्टर ऑफ फैशन मैनेजमेंट की अंतरा मल्ल, फैशन एंड लाइफस्टाइल एक्सेसरीज़ की मनुश्री, फैशन कम्युनिकेशन की प्रतिष्ठा बुडाकोटी, फैशन डिजाइन की शैलजा गोयल, लेदर डिजाइन की दियांशी वार्ष्णेय, फैशन टेक्नोलॉजी की हर्षिता कुमार को सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त, उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए विभागवार दिये जाने वाले मेरिटोरियस स्टूडेंट अवॉर्ड’ के अंतर्गत मास्टर ऑफ फैशन मैनेजमेंट विभाग की अंतरा मल्ल को रैंक–I तथा भोगादुला कीर्ति प्रिया को रैंक–II, फैशन एंड लाइफस्टाइल एक्सेसरीज़ की अनन्या सक्सेना को रैंक–I तथा मनुश्री को रैंक–II, फैशन कम्युनिकेशन की प्रतिष्ठा बुडाकोटी को रैंक–I तथा नूपुर यादव को रैंक–II, फैशन डिज़ाइन विभाग की शैलजा गोयल को रैंक–I तथा अपेक्षा दीक्षित को रैंक–II, लेदर डिज़ाइन विभाग की सृष्टि धमांदा को रैंक–I तथा सुहानी अजय मिश्रा को रैंक–II, फैशन टेक्नोलॉजी विभाग की स्नेहा पाठक को रैंक–I तथा हर्षिता कुमार को रैंक–II को सम्मानित किया गया।
यह संयुक्त दीक्षांत समारोह निफ्ट रायबरेली के विद्यार्थियों के लिए उनकी शैक्षणिक यात्रा की उपलब्धियों का गौरवपूर्ण उत्सव होने के साथ-साथ रचनात्मक एवं पेशेवर जगत में उनके भावी योगदान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव भी रहा।
Anuj Maurya Report


