लापता किशोर के कपड़े यमुना नदी किनारे मिले, नदी में डूबने की आशंका

1806
रिपोर्टे – सुधीर त्रिवेदी, वरिष्ठ संवाददाता

बांदा। लापता किशोर के कपड़े यमुना नदी किनारे पड़े मिले। घर वालों ने नदी में नहाते समय डूबकर मौत होने की आशंका जताई है। गोताखोरों व जाल डलवाकर पुलिस नदी में किशोर की तलाश कर रही है। फिलहाल किशोर का अभी कुछ सुराग नहीं लगा है।

चिल्ला थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी दीपू सोनी (16) पुत्र भाईचंद्र सोनी मंगलवार शाम अचानक लापता हो गया। उसके रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार को सुबह बड़े भाई ने उसके कपड़े यमुना नदी स्थित घाट किनारे पड़े देखे। कपड़ों व बेल्ट आदि सामान की पहचान करते हुए उसके नहाते समय नदी में डूबने की आशंका जताई। सूचना मिलने पर थाने के उप निरीक्षक सत्यदेव गाौतम ने किशोर की खोजबीन कराने के लिए हमीरपुर और स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा।

इसके अलावा नाव व जाल डलवाकर भी उसकी तलाश कराई। उप निरीक्षक ने बताया कि गहराई अधिक होने से अभी तक उसका कहीं पता नहीं चला है। उधर, किशोर के नदी में डूबने की खबर मिलते ही यमुना नदी किनारे ग्रामीणों की भारी भीड़ लग गई। ग्रामीण भी नदी में उसको तलाशने का प्रयास कर रहे हैं। जैसे-जैसे समय निकल रहा है। उनका धैर्य जवाब दे रहा है। एसआई ने बताया कि वह अपनी ओर से किशोर को पता लगाने के लिए पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करवा रहे हैं।

1.8K views
Click