रायबरेली- उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्य ने बताया है कि प्रदेश सरकार द्वारा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाते हुए अब इसे विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 के नाम से संचालित किया जा रहा है। योजना का शुभारम्भ मुख्यमंत्री द्वारा 17 सितम्बर, 2026 को किया गया।
उन्होंने बताया कि योजना के अन्तर्गत 11 परम्परागत ट्रेडों—बढ़ई, दर्जी, कुम्हार, लोहार, नाई, राजमिस्त्री, सुनार, टोकरी बुनकर, हलवाई, धोबी एवं मोची के साथ 05 नये परम्परागत ट्रेड—मूर्तिकार, मालाकार, दूधवाला, भरभूंजा एवं मछुआरा तथा 09 आधुनिक ट्रेड—मोबाइल मरम्मत, ऑटोमोबाइल मरम्मत, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की मरम्मत, विद्युत सामान की मरम्मत, प्लम्बर, कम्प्यूटर मरम्मत, सोलर इंस्टॉलेशन, डिजिटल फोटोग्राफी एवं सौन्दर्य वेलनेस को शामिल किया गया है। इस प्रकार कुल 25 ट्रेडों में कार्यरत कारीगरों को योजना का लाभ दिया जायेगा।
योजना के अन्तर्गत चयनित लाभार्थियों को 10 दिवसीय अनावासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा तथा प्रशिक्षण के उपरान्त उन्नत एवं निःशुल्क टूलकिट उपलब्ध करायी जायेगी।
योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदक उत्तर प्रदेश का मूल निवासी तथा न्यूनतम 18 वर्ष की आयु का होना चाहिए। एक परिवार से केवल एक सदस्य ही आवेदन कर सकेगा। आवेदक द्वारा निर्धारित अवधि में पूर्व में योजना का लाभ नहीं लिया गया होना चाहिए। आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक खाता, निवास एवं व्यवसाय प्रमाण आवश्यक होगा। मार्जिन मनी ऋण के लिए आवेदक किसी सरकारी संस्था का चूककर्ता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि मार्जिन मनी ऋण के अन्तर्गत 10 लाख रुपये तक की ऋण सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी। इकाई स्थापना, विस्तारीकरण, तकनीकी उन्नयन, गुणवत्ता सुधार, पैकेजिंग एवं व्यावसायिक गतिविधियों के लिए परियोजना लागत पर 15 प्रतिशत मार्जिन मनी सब्सिडी तथा बिना गारंटी एवं बिना ब्याज के ऋण की सुविधा प्रदान की जायेगी। सामान्य श्रेणी के पुरुष आवेदक को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत तथा अन्य सभी वर्गों एवं महिला आवेदकों को 5 प्रतिशत स्वयं का अंशदान जमा करना होगा। उद्यम के सफलतापूर्वक 05 वर्ष संचालन के बाद मार्जिन मनी को अनुदान के रूप में समायोजित किया जायेगा।
उपायुक्त उद्योग ने इच्छुक कारीगरों से योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए बताया कि योजना की विस्तृत जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, सिविल लाइन्स, रायबरेली से सम्पर्क किया जा सकता है।
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 के तहत 25 ट्रेडों के कारीगरों को मिलेगा प्रशिक्षण एवं टूलकिट का लाभ
👁 1.1K views
1.1K views
Click


