शहीद दिवस पर सरेनी शहीद स्मारक पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि

10773

लालगंज (रायबरेली)शहीद दिवस के अवसर पर सरेनी स्थित ऐतिहासिक शहीद स्मारक पर अमर शहीदों की शहादत को श्रद्धा और सम्मान के साथ नमन किया गया। आयोजित कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी मिथिलेश त्रिपाठी ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश की आज़ादी और उसकी रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को स्मरण करना और उनके आदर्शों पर चलना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने सरेनी के अमर शहीदों को नमन करते हुए आयोजकों एवं उपस्थित जनसमुदाय की सराहना की तथा शहीदों के परिजनों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। खण्ड विकास अधिकारी प्रमोद कुमार यादव ने भी शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का इतिहास आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
शहीद स्मारक सरेनी ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. अशोक त्रिवेदी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहीद स्मारक केवल पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और बलिदान की जीवंत मिसाल है। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों के सदस्य रवि त्रिपाठी, किशोरीलाल, पप्पू सिंह, रामनरेश सिंह, रमेश सिंह सहित अन्य को सम्मानित किया गया।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत होती है और शहीदों के बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुँचाने में सहायता मिलती है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान सरेनी जितेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कवि सतीश सिंह ने किया, जबकि आभार ज्ञापन नीरज श्रीवास्तव द्वारा किया गया।

संदीप फ़िज़ा रिपोर्ट

👁 10.8K views
10.8K views
Click