स्वास्थ्य मेले में टेबल पर सोते वार्ड बॉय का वीडियो वायरल,ऐहार स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल

1026

लालगंज (रायबरेली)। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना के निकट ऐहार गांव स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले के दौरान लापरवाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में चिकित्सा कक्ष में रखी टेबल पर एक वार्ड बॉय के सोने का दावा किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य केंद्र पर चार कर्मचारियों का स्टाफ है, जिसमें रविवार को तीन कर्मचारी मौजूद थे, जबकि चिकित्सक के छुट्टी पर होने की बात सामने आई है। इसी दौरान चिकित्सा कक्ष में वार्ड बॉय के टेबल पर सोने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगा।

मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर जांच, उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में वायरल वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

मामले में सीएचसी अधीक्षक डॉ. नवीन कुमार ने बताया कि उन्हें इस संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा कोई वीडियो सामने आया है तो मामले की जांच कराई जाएगी और तथ्य सही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

👁 1K views
1K views
Click