टोल प्लाजा कर्मचारियों ने मनमानी तरीके से ग्रामीणों के आवागमन मार्ग पर पत्थर डालकर किया बंद

11

मार्ग को बंद किए जाने से आक्रोशित ग्रामीण कभी भी कर सकते हैं धरना-प्रदर्शन

लालगंज, रायबरेली। रायबरेली टोल प्लाजा कर्मचारियों की मनमानी का नतीजा रहा कि उन्होंने सैकड़ों ग्रामीणों के आवागमन का मार्ग पत्थर डालकर बंद कर दिया। इसके बाजवूद पूरे दिन अधिकारी अनजान बने बैठे रहे।

ग्रामीण इस मार्ग को बंद किए जाने से आक्रोशित हैं और किसी भी समय धरना प्रदर्शन कर सकते हैं। लालगंज-रायबरेली नेशनल हाईवे पर ऐहार गांव के निकट टोल प्लाजा स्थित है। इसी टोल के पहले से पिलखा गांव व रनमऊ को मार्ग जाता है जो रनमऊ होते हुए वापस रायबरेली मार्ग पर मिलता है।

टोल बचाने वाले चौपहिया वाहन सवार इसी मार्ग से निकल जाते हैं। टोल प्लाजा कर्मचारियों ने गुरूवार की सुबह जेसीबी से इस मार्ग पर बड़ा पत्थर रख दिया जिससे मार्ग पर पैदल व दो पहिया सवार छोंड़ अन्य वाहन न जा सके।इसी मार्ग से किसान अपने टैक्टर आदि चौपहिया वाहन लेकर लालगंज आते जाते हैं।

लखनऊ जाने का सीधा रास्ता होने के चलते स्थानीय ग्रामीण भी इसी मार्ग का बहुतायत में प्रयोग करते हैं। इसके बाद भी इस मार्ग को मनमाने तरीके से बंद कर दिया गया।

टोल पर चौबीसो घंटे पुलिस पिकेट भी रहती है इसके बावजूद पुलिस ने भी मार्ग बंद करने से टोल प्लाजा कर्मचारियों को रोकने की जहमत नही उठाई।

टोल कर्मचारियों की मनमानी से नाराज ग्रामीणों ने कहा कि वह मार्ग खुलवाने के लिए आंदोलन की राह चुनेंगे।किसी भी समय नाराज ग्रामीण आंदोलन कर सकते हैं।

इस मामले में एसडीएम आशाराम वर्मा का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। जांच करा रहे हैं। प्रशासन की तरफ से मार्ग बंद करने का कोई भी आदेश नहीं दिया गया है। 

  • संदीप कुमार फिजा
Click