राहुल गांधी ने किए महाकाल के दर्शन, कहा- मजदूर और किसान असली तपस्वी; सरकार इनके लिए कुछ नहीं करती

14
राहुल गांधी ने किए महाकाल के दर्शन

महाकाल की नगरी उज्जैन में राहुल गांधी ने एक बार फिर नरेंद्र मोदी सरकार और बीजेपी को निशाने पर लिया। उन्होंने तीन बार ‘जय महाकाल’ बोलकर अपने भाषण की शुरुआत की। करीब 25 मिनट के अपने भाषण में राहुल गांधी ने कई बार ‘तपस्वी और तपस्या’ शब्द का इस्तेमाल किया। राहुल ने कहा कि भारत देश तपस्वियों का देश हैं। हिन्दू धर्म में तपस्वियों की पूजा की जाती है। उनका आदर किया जाता है।

राहुल गांधी ने गरीब, मजदूरों, किसानों, युवाओं और छोटे दुकानदार को असली तपस्वी बताया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार इन तपस्वियों के लिए कुछ नहीं करती, लेकिन एक दो लोग जो मोदी जी की पूजा करते हैं, उन्हें सब मिल जाता है।

राहुल गांधी ने गर्भगृह में जाकर भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर के पंडित ने उन्हें तिलक लगाया। राहुल गांधी करीब 13 मिनट तक गर्भगृह में रहे। उन्होंने महाकाल का दुग्धाभिषेक किया।

राहुल बोले- बीजेपी के लोग भगवान के सामने हाथ जोड़ते हैं और फिर जो इस देश में तपस्या करते हैं उन्हें खत्म करते हैं। मतलब भगवान का अपमान करते हैं। किसान में भगवान हैं, मजदूर में भगवान हैं, छोटे दुकानदार में भगवान हैं। देश के इन असली तपस्वियों का अपमान हो रहा है।

नोटबंदी और जीएसटी को लेकर राहुल ने एक बार फिर मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने रात 8 बजे आकर नोटबंदी की थी और रात 12 बजे जीएसटी लागू किया। ये दोनों पॉलिसियां नहीं थी, बल्कि कैश फ्लो को खत्म करने का हथियार हैं। आज देश का नुकसान हो रहा है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और मिल भी नहीं सकता, क्योंकि नोटबंदी, जीएसटी ने रीढ़ की हड्डी तोड़ दी।

राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस की यात्रा नहीं। हिंदुस्तान की यात्रा है। किसानों, मजदूरों, युवाओं और मीडिया की यात्रा है। सभी अपने-अपने स्तर पर इसमें मदद कर रहे हैं।

कमलनाथ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल जी आप जिस प्रदेश में आए वह बेरोजगारी, भ्रष्टाचार के साथ ही किसानों और महिलाओं के साथ अन्याय में नंबर वन है। भारत की संस्कृति जोड़ने की है, ये शहर उसी संस्कृति का प्रतीक है।

भारत जोड़ो यात्रा संविधान की रक्षा के लिए है, हमारे सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा की यात्रा है। महाकाल मंदिर के लिए हमने साढ़े 3 सौ करोड़ दिए। मोदी जी आए जैसे उनकी योजना है। कमलनाथ ने कहा कि सौदे से हमारी सरकार गिरा दी। मैं भी सौदा कर सकता था, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया।

इससे पहले राहुल गांधी ने उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में आज भगवान महाकाल के दर्शन और पंचामृत अभिषेक पूजन किया। यहां राहुल रुद्राक्ष की माला पहने नजर आए। उन्होंने धोती पहनकर महाकाल की पूजा की। वे 13 मिनट तक गर्भगृह में रहे। उन्होंने साष्टांग दंडवत होकर महाकाल को प्रणाम किया। साथ ही नंदी महाराज के कान में मनोकामना कही। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी उनके साथ थे।

मध्य प्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मंगलवार को सातवां दिन है। यात्रा अभी महाकाल की नगरी उज्जैन में है। इससे पहले उनकी यात्रा सुबह करीब साढ़े 6 बजे सांवेर से शुरू हुई। राहुल के साथ पूर्व सीएम कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और जयराम रमेश समेत कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च किया।

निनोरा में यात्रा का लंच ब्रेक हुआ। राहुल ने तपोभूमि में जाकर जैन संत प्रज्ञा सागर महाराज जी से आशीर्वाद लिया।

शोभा ओझा ने कहा- बीजेपी की सरकार में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कुचल दिया गया है। लोगों को जबरन जेलों में बंद किया गया। भारत जोड़ो यात्रा को समर्थन मिल रहा है। लोग स्वत: जुड़ रहे हैं। हमने प्रशासनिक स्तर पर बसें नहीं लगाईं, न ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बुलाया।

 

Reports Today

Click