Asia Cup 2023: पाकिस्तान को हराकर श्रीलंका फाइनल में इंडिया से भिड़ेगा

11
Asia Cup 2023: डिफेंडिंग चैंपियन श्रीलंका ने एशिया कप-2023 के फाइनल में प्रवेश कर लिया।
  • श्रीलंका ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराया

  • एशिया कप फाइनल मुक़ाबला 17 सितंबर को

  • चैंपियनशिप के लिए भारत से भिड़ेगा श्रीलंका

  •  कुसल मेंडिस ने 91 रन बनाकर जीता मैन ऑफ द मैच

Asia Cup 2023: डिफेंडिंग चैंपियन श्रीलंका ने एशिया कप-2023 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। टीम ने गुरुवार रात को रोमांचक सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान को 2 विकेट से हराया। अब फाइनल में श्रीलंका का मुक़ाबला भारत से होगा।

आखिरी 2 गेंद पर श्रीलंका को 6 रन की ज़रूरत थी। चरिथ असालंका ने अगली गेंद पर चौका लगाया और अंतिम गेंद पर 2 रन लेकर टीम को रोमांचक जीत दिला दी। श्रीलंकाई टीम 11वीं बार वनडे एशिया कप के फाइनल में पहुंची है। 17 सितंबर को कोलंबो के मैदान पर खिताबी मुकाबले में श्रीलंका का सामना भारत से होगा।

कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 42 ओवर में 7 विकेट पर 252 रन बनाए। DLS मेथड के तहत श्रीलंका को 252 का टारगेट ही मिला। श्रीलंका ने 42 ओवर में 8 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली।

आखिरी 12 बॉल पर श्रीलंका को 12 रन की ज़रूरत थी। यहां शाहीन अफरीदी बॉलिंग करने आए। श्रीलंका का स्कोर 240 रन पर 5 विकेट था। शुरुआती 2 गेंद पर 3 रन बन गए। तीसरी गेंद डॉट रही। चौथी गेंद पर धनंजय डी सिल्वा लॉन्ग ऑन पर कैच हो गए। पांचवीं गेंद पर दुनिथा वेल्लालागे भी कैच आउट हो गए। आखिरी गेंद पर एक रन बना।

अब आखिरी 6 गेंदों पर 8 रन की दरकार थी। जमान खान के सामने प्रमोद मदुशन और चरिथ असालंका। पहली गेंद पर लेग बॉय का एक रन बना। अगली गेंद डॉट हो गई और तीसरी गेंद पर एक रन आ गया। चौथी गेंद पर मदुशन रन आउट हो गए। अब 2 गेंद पर 6 रन की ज़रूरत। जमान ने ऑफ स्टंप के बाहर बॉल फेंकी, असालंका ने तेजी से बैट घुमाया और बॉल थर्ड मैन की दिशा में 4 रन के लिए चली गई।

लास्ट बॉल पर 2 रन चाहिए थे। जमान ने मिडिल स्टंप पर फुलर लेंथ स्लोअर बॉल फेंकी। असालंका ने स्क्वेयर लेग की दिशा में फ्लिक किया और 2 रन लेकर अपनी टीम को रोमांचक मुकाबले में जीत दिला दी। असालंका 49 रन बनाकर नॉट आउट रहे और टीम को लगातार दूसरी बार एशिया कप के फाइनल में पहुंचा दिया।

इससे पहले पाकिस्तान ने 7 विकेट खोकर 45 ओवर में 252 रन का स्कोर खड़ा किया था। टॉस हारकर गेंदबाजी करने उतरी श्रीलंका को गेंदबाजों ने बढ़त दिलाई। पाकिस्तान की आधी टीम 130 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट चुकी थी। तभी बारिश आ गई और मैच रोकना पड़ा।

यह बारिश पाकिस्तान के लिए सौगात की बारिश साबित हुई। जब दोबारा खेल शुरू हुआ तो पाकिस्तान ने महज 74 गेंदों पर 122 रन बना दिए। मोहम्मद रिजवान और इफ्तिखार अहमद ने सेंचुरी पार्टनरशिप कर टीम का स्कोर 252 रन तक पहुंचा दिया।

पाकिस्तान के लिए मोहम्मद रिजवान और इफ्तिखार अहमद ने 108 रन की अच्छी पार्टनरशिप की। दोनों ने वनडे एशिया कप में पाकिस्तान के लिए छठे विकेट पर सबसे बड़ी पार्टनरशिप का रिकॉर्ड बनाया। दोनों ने फवाद आलम और सोहेल तनवीर का रिकॉर्ड तोड़ा। जिन्होंने 2008 में हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ छठे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की थी।

DLS के तहत मिले 252 रन के टारगेट के सामने श्रीलंका ने अच्छी शुरुआत की। कुसल परेरा 17 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन उनके बाद पथुम निसांका ने कुसल मेंडिस के साथ 57 रन की पार्टनरशिप की। मेंडिस ने फिर सदीरा समरविक्रमा के साथ सेंचुरी पार्टनरशिप की और टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया।

आखिरी 2 ओवर में टीम को जीत के लिए 12 रन बनाने थे। ऐसे में चरिथ असालंका ने जिम्मेदारी भरी पारी खेली और नाबाद 49 रन बनाते हुए अपनी टीम को फाइनल पहुंचा दिया।

Reports Today

Click