Bishan Singh Bedi Death: महान क्रिकेटर बिशन सिंह बेदी ने छोड़ी दुनिया

29
Bishan Singh Bedi Death

Bishan Singh Bedi Death Age: बेदी ने भारत के लिए कुल 77 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे। इस दौरान उन्होंने 273 विकेट झटके थे। बेदी को भारतीय टेस्ट इतिहास के बेहतरीन स्पिनरों में माना जाता है। उन्होंने अपने दम पर देश को कई मैच जिताए थे।

भारत के पूर्व क्रिकेटर बिशन सिंह बेदी का 77 साल की उम्र में निधन हो गया। कुछ समय पहले ही उनके घुटने की सर्जरी हुई थी। इसके बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और 23 अक्तूबर के दिन उन्होंने दुनिया छोड़ दी। बेदी ने भारत के लिए कुल 77 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे। इस दौरान उन्होंने 273 विकेट झटके थे। बेदी को भारतीय टेस्ट इतिहास के बेहतरीन स्पिनरों में माना जाता है। उन्होंने अपने दम पर देश को कई मैच जिताए थे। 

बिशन सिंह बेदी चार बच्चों के पापा थे। अंगर बेदी, गावस इंदर बेदी, नेहा बेदी और गिलिंदर बेदी। अंगद बेदी और उनकी पत्नी नेहा धूपिया भारतीय फिल्म जगत में जाना-माना नाम हैं। बिशन सिंह बेदी की बेटी ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार मंगलवार दोपहर दो बजे लोधी श्मशान घाट पर होगा।

भारत के लिए बेदी ने 1966 से 1979 तक टेस्ट क्रिकेट खेला। वह भारत की मशहूर स्पिन चौकड़ी का हिस्सा रहे हैं। उनके अलावा इसमें इरापल्ली प्रसन्ना, श्रीनिवास वेंकटराघवन और भागवत चंद्रशेखर थे। चारों ने मिलकर 231 टेस्ट खेले और 853 विकेट हासिल किए।

बेदी ने 1969–70 में कोलकाता टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक पारी में 98 रन देकर 7 विकेट लिए थे। यह एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। वहीं, मैच की बात करें तो 1977–78 में पर्थ के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 194 रन देकर कुल 10 विकेट झटके थे। उन्होंने टेस्ट में इकलौता अर्धशतक 1976 में कानपुर टेस्ट में न्यूजीलैंड के खिलाफ लगाया था।

बिशन सिंह बेदी को भारतीय टीम की कप्तानी करने का भी मौका मिला था। उन्हें 1976 में यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बेदी को महान क्रिकेटर मंसूर अली खान पटौदी की जगह कप्तान बनाया गया था। बतौर कप्तान उन्हें पहली जीत वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में 1976 के दौरे पर मिली थी।

बेदी को इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर टेस्ट सीरीज में 3-1, ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टेस्ट सीरीज में 3-2 और पाकिस्तान दौरे पर टेस्ट सीरीज 2-0 से मिली हार के बाद उन्हें कप्तानी से हटा दिया गया था। उनके बाद सुनील गावस्कर कप्तान बने थे।

भारत के लिए 67 टेस्ट मैच में उन्होंने 266 विकेट लिए। उन्होंने 15 बार पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा किया और एक बार मैच में 10 विकेट भी लिए। वहीं, 10 वनडे मैच में उन्होंने 7 विकेट झटके।

Reports Today

Click