Naba Das: सुरक्षा में तैनात ASI के हमले में ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री का निधन

12
odisha health minnister naba das killed

ब्रजराजनगर, झारसुगुड़ा। सुरक्षा में तैनात ASI के हमले में बुरी तरह से ज़ख्मी ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब दास (Naba Das) का निधन हो गया। एएसआई ने उन पर जानलेवा हमला किया गया था।नबा दास के पार्थिव शरीर को उनके सरकारी आवास पर लाया गया।

बता दें कि ओडिशा के ब्रजराजनगर के गांधी चौक में एक कार्यक्रम के दौरान उन पर फायरिंग की गई थी। इसके बाद नब दास को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। नब दास के सीने पर गोली लगी थी।

अस्पताल ने एक बयान में कहा कि जख्मों का उपचार किया गया और हृदय की गति में सुधार के लिए कदम उठाए गए। लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका और उन्होंने दम तोड़ दिया।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंत्री नब दास (Naba Das)के दुर्भाग्यपूर्ण निधन पर शोक व्यक्त किया है। ओडिशा CMO की ओर से जारी बयान में कहा गया कि वे सरकार और पार्टी दोनों के लिए एक संपत्ति थे। उनका निधन ओडिशा राज्य के लिए एक बड़ी क्षति है।

ओडिशा सरकार ने रविवार को ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नबा दास को राजकीय सम्मान देने की घोषणा की। ओडिशा सरकार के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मृत्यु के दिन और अंतिम संस्कार के दिन राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। इसमें कहा गया है कि 29 जनवरी से 31 जनवरी तक तीन दिनों तक पूरे राज्य में कोई आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक पुलिसकर्मी के हमले में जान गंवाने वाले ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह मंत्री की मृत्यु के समाचार से ‘स्तब्ध और व्यथित’ हैं।

मुर्मू ने ट्वीट किया, हिंसा के इस कायरतापूर्ण कृत्य में ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास जी की मृत्यु होने से स्तब्ध और व्यथित हूं। उनके परिवार और शुभचिंतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री (Naba Das) के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी मंत्री नब किशोर दास के दुर्भाग्यपूर्ण निधन पर दुख जताया।

ओडिशा CMO की ओर से जारी बयान में कहा गया कि वे सरकार और पार्टी दोनों के लिए एक संपत्ति थे। उनका निधन ओडिशा राज्य के लिए एक बड़ी क्षति है।

इससे पहले ब्रजराजनगर के एसडीपीओ गुप्तेश्वर भोई ने बताया था कि सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (एएसआई) गोपाल दास ने मंत्री पर गोली चलाई थी। घटना में मंत्री घायल हुए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय लोगों ने आरोपी एएसआई को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। एएसआई ने मंत्री पर गोली क्यों चलाई, इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू की गई है।

एसडीपीओ के मुताबिक, घटना ब्रजराजनगर शहर में अपराह्न एक बजे के आसपास उस समय हुई, जब दास एक बैठक में शामिल होने के लिए जा रहे थे। मंत्री को पहले झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें हवाई मार्ग से भुवनेश्वर के अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी एएसआई को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है। घटना की गहन जांच के बाद ही और जानकारियां सामने आ पाएंगी।

हमले के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का बयान सामने आया था। उन्होंने कहा कि मैं इस हमले की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से स्तब्ध हूं। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं। उन्होंने कहा कि क्राइम ब्रांच को घटना की जांच करने का निर्देश दिया गया है। क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाने के लिए कहा गया है।

रिपोर्ट्स की मानें तो ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री पर ASI गोपाल दास ने ताबड़तोड़ पांच राउंड फायरिंग की। घटना के बाद आरोपी ASI पत्नी का बयान भी सामने आया। उन्होंने बताया कि वारदात से पहले गोपाल ने बेटी से वीडियो कॉल पर बात की थी। उन्होंने बताया कि मुझे नहीं पता कि क्या हुआ। मुझे इस घटना के बारे में समाचार के जरिए ही पता चला। सुबह से मेरी गोपाल से बात भी नहीं हुई है। वे आखिरी बार 5 महीने पहले घर आए थे।

Reports Today

Click