कलश यात्रा के दौरान सई नदी में डूबा युवक, SDRF को दी गई सूचना, युवक की तलाश मे जुटी टीम

974

रायबरेली *रायबरेली जिले के गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। भागवत कथा के लिए निकाली गई कलश यात्रा के बाद सई नदी में जल भरने गया 22 वर्षीय युवक पैर फिसलने से गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने SDRF टीम को सूचना दी है। युवक की तलाश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मामला पूरे कोइली मजरे कोरिहर गांव का है। गांव में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होना है। कथा शुरू होने से पहले शनिवार को गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली गई । गांव की महिलाओं और पुरुषों ने कलश लेकर यात्रा में हिस्सा लिया। इसी यात्रा में गांव निवासी संतराम का 22 वर्षीय पुत्र अंकुल भी शामिल हुआ था।

बताया जा रहा है कि कलश यात्रा के समापन के बाद सभी लोग सई नदी के सिरसा घाट पर जल भरने के लिए गए थे। इसी दौरान अंकुल का सीढ़ियों पर पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी में इस समय पानी अधिक है और बहाव भी तेज है, जिसके कारण युवक देखते ही देखते पानी में समा गया। घाट पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

घटना की सूचना ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आशू तिवारी ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गुरुबख्शगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए SDRF टीम को बुलाया है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस और स्थानीय प्रशासन घाट पर मौजूद है और SDRF टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है।

वहीं, घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या मे, ग्रामीण भी सिरसा घाट पर एकत्र हो गए।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

👁 974 views
974 views
Click