गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैवेलर बस, एक दर्जन से अधिक यात्री घायल

891

लालगंज रायबरेली -रायबरेली में गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के ऐहार के पास तेज रफ्तार मिनी बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के मुताबिक, मिनी बस में सवार सभी लोग पश्चिम बंगाल के हावड़ा और कोलकाता के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये सभी लोग मथुरा-वृंदावन में दर्शन करने के बाद वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर ऐहार के पास बस चालक को अचानक झपकी आ गई। बताया जा रहा है। कि चालक के नियंत्रण खोने से बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही लालगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस बल की मौजूदगी में घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

हादसे में घायल महिलाओं और बच्चों समेत कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस और राहत टीम मौके पर बचाव कार्य में जुटी हुई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे में घायलों की सही संख्या और उनकी स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

अनुज मौर्य/प्रतीक सिंह रिपोर्ट

👁 891 views
891 views
Click