गंगा एक्सप्रेसवे पर हुआ भीषण सड़क हादसा,ट्रक का टायर फटने से कार से हुई टक्कर; कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल

22964

रायबरेली। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कटघर गांव के पास इलाहाबाद की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक का अचानक टायर फट गया। टायर फटते ही ट्रक अनियंत्रित होकर सामने जा रही कार से जा भिड़ा।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार माता-पिता और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डलमऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
डॉक्टरों के अनुसार, तीनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि घायल परिवार जौनपुर जनपद का निवासी है और किसी कार्य से प्रयागराज की ओर जा रहा था।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

👁 23K views
23K views
Click