गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र के मलिक मऊ चौबारा गांव के पास की घटना
सड़क पार करते समय अनियंत्रित कार ने मारी जोरदार टक्कर,सीएचसी जतुवा टप्पा में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
गुरबक्श गंज, रायबरेली जनपद में अनियंत्रित वाहनों की रफ्तार पर लगाम नहीं लग पा रही है, जिसके चलते आए दिन निर्दोष लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। ताजा मामला गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र के मलिक मऊ चौबारा का है, जहां मंगलवार को खेत से घर लौट रही 55 वर्षीय एक महिला को तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र के मलिक मऊ चौबारा निवासी मुहाना (55 वर्ष) पत्नी लाल कुशवाहा अपने खेत से घर की ओर लौट रही थीं। जैसे ही वह मलिक मऊ चौबारा के पास सड़क पार करने लगीं, तभी गुरबख्शगंज की तरफ से रायबरेली की ओर जा रही तेज रफ्तार ऑल्टो कार (यूपी 72 यू 5888) ने उन्हें सीधे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला उछलकर सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने बिना देर किए 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायल महिला को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जतुवा टप्पा पहुंचाया। वहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. जितेंद्र कुमार ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने वाहन को चिन्हित कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अनुज मौर्य/प्रतीक सिंह रिपोर्ट


