बेखौफ दबंगों का आतंक: ब्यूटी पार्लर में घुसकर मारपीट और करी तोड़फोड़, पुलिस पर परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

6698

रायबरेली -रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र में दबंगों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अपराध और मारपीट की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। ताजा मामला जगतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम उड़वा का है, जहां दबंगों ने एक ब्यूटी पार्लर संचालक के घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि दबंगों ने महिलाओं के साथ मारपीट करने के साथ-साथ ब्यूटी पार्लर में तोड़फोड़ भी की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

पीड़िता जरीना पत्नी मोहम्मद जहीर निवासी ग्राम उड़वा ने जगतपुर थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के ही रहने वाले रौनक पुत्र फूलचंद चार-पांच अज्ञात लोगों को मोटरसाइकिल से लेकर उनके घर पहुंचा। आरोप है कि सभी लोग गाली-गलौज करते हुए घर में घुस आए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान उनकी पुत्री हिना पुत्री मोहम्मद फैसल के साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

पीड़िता का आरोप है कि दबंगों ने घर में बने ब्यूटी पार्लर में भी जमकर तोड़फोड़ की, जिससे सामान क्षतिग्रस्त हो गया। जाते-जाते आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है।

सबसे बड़ा सवाल पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहा है। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद जगतपुर थाने में शिकायत दी गई, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है, जिससे दबंगों के हौसले और बढ़ते जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जगतपुर थाना क्षेत्र में लगातार मारपीट, दबंगई और अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस अपराधियों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। थाना प्रभारी की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

👁 6.7K views
6.7K views
Click