अज्ञात कारण से लगी भीषण आग से चार घरों की गृहस्थी जलकर राख आग बुझाते समय महिला झुलसी

11168

लालगंज (रायबरेली) , कोतवाली क्षेत्र के खजूरगांव में रविवार की दोपहर को अज्ञात कारणों से धधकी आग ने चार घरों को अपनी आगोश में ले लिया। जिससे चारों घरों की गृहस्थी और जरूरी सामान जलकर स्वाहा हो गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाते समय एक महिला भी गंभीर रूप से झुलस गई। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। रविवार की दोपहर करीब तीन बजे गांव निवासी अशोक निषाद के घर के निकट कूड़े में अचानक आग धधक उठी और पास के उसके छप्परनुमा आवास में आग पकड़ ली।

जब तक लोग आग बुझाने का प्रयास करते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और चार घरों में फैल गई। ग्रामीणों ने आग बुझाना शुरू किया और घटना की सूचना फ़ायर ब्रिगेड को देने का प्रयास किया। ग्रामीणों का कहना है कि फायर स्टेशन को फोन लगाने के बावजूद देर तक संपर्क नहीं हो पाया। ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से आग बुझा ली गई। लेकिन तब तक गांव निवासी अशोक निषाद, संतराम, ननकऊ व नसीर के घर में रखा अनाज और गृहस्थी का सामान जलकर पूरी तरह से नष्ट हो गया। आग बुझाते समय अशोक निषाद की पत्नी बसंती देवी बुरी तरह से झुलस गई। सूचना पर पहुंची 1756 की पुलिस टीम ने अपने वाहन से बसंती को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है।

रिपोर्ट-  संदीप कुमार फिजा

👁 11.2K views
11.2K views
Click