आकाशीय बिजली की चपेट में आने से भाई-बहन की हुई दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

52834

खीरों (रायबरेली)।थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ है जिसने पूरे जनपद को झकझोर कर रख दिया है। मिर्जापुर ग्राम पंचायत अंतर्गत सराय महमूद गांव में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों बच्चे खेत से घर लौट रहे थे, तभी अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज गर्जना के साथ गिरी बिजली की चपेट में आ गए। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

जानकारी के अनुसार, सराय महमूद गांव निवासी विजय के आठ वर्षीय पुत्र अभी और छह वर्षीय पुत्री अंजली गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित अपने खेत में धान की बेड़ (नर्सरी) देखने गए थे। खेत से वापस लौटते समय अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली सीधे दोनों बच्चों पर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से दोनों मासूम गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। बच्चों की मां कांति का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बच्चों की एक साथ मौत से परिवार गहरे सदमे में है।

बताया जा रहा है कि बच्चों के पिता विजय रोजी-रोटी की तलाश में पंजाब के लुधियाना में मजदूरी करते हैं। हादसे की सूचना उन्हें भी दे दी गई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं राजस्व विभाग द्वारा दैवीय आपदा राहत के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता की प्रक्रिया भी शुरू किए जाने की जानकारी दी गई है।

बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले खेतों, पेड़ों और ऊंचे स्थानों पर जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।

इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की असमय मौत से गांव में हर आंख नम है और शोक का माहौल बना हुआ है।

अनुज मौर्य/प्रतीक सिंह रिपोर्ट

👁 52.8K views
52.8K views
Click