कार और बाइक की टक्कर में युवक गंभीर,शराब ठेका और अंधेरे पर उठे सवाल

8662

रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। 16 जून 2026 को रात करीब 10 बजे सुल्तानपुर रोड स्थित राही ग्राम के सीकी सलेमपुर मोड़ पर एक चार पहिया वाहन और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घायल युवक की पहचान शिवा पुत्र राम मिलन निवासी निधधू का पुरवा, पोस्ट पोठई, थाना डीह, जनपद रायबरेली के रूप में हुई है। दुर्घटना में बाइक और कार दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक प्रथम दृष्टया हादसे की वजह बाइक सवार की लापरवाही और नशे की हालत बताई जा रही है। लोगों का कहना है कि युवक नशे में था और इसी कारण उसकी बाइक कार से जा टकराई।

हादसों का ब्लैक स्पॉट बना सीकी सलेमपुर मोड़

ग्रामीणों का कहना है कि सीकी सलेमपुर मोड़ पर आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं। इस मोड़ के पास एक सरकारी देसी शराब का ठेका संचालित है, जिसके कारण शराब पीकर वाहन चलाने की घटनाएं बढ़ रही हैं और लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।

स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि शारदा नहर से लेकर राही ग्राम तक हाईवे पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है। रात के समय घना अंधेरा रहने के कारण वाहन चालकों को रास्ता साफ दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है।

ग्रामीणों ने उठाई मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सीकी सलेमपुर मोड़ पर स्ट्रीट लाइट, चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर और पुलिस गश्त की व्यवस्था की जाए। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि लगातार हो रहे सड़क हादसों पर रोक लगाई जा सके।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

👁 8.7K views
8.7K views
Click