रायबरेली। शहर कोतवाली क्षेत्र में निजी बस संचालकों की मनमानी और गुंडागर्दी का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। जहां दिल्ली से चलकर अमेठी जनपद होते हुए प्रतापगढ़ के लिए जाने वाली लग्जरी बस में सारस चौराहा स्थित चौधरी बस सर्विस पर एक महिला यात्री ने गंभीर आरोप लगाए हैं। दिल्ली से अमेठी जनपद के मुसाफिरखाना जाने के लिए सीट बुक कराने के बावजूद महिला को पूरी रात बस की फर्श पर बैठकर और लेटकर सफर करने को मजबूर होना पड़ा। इतना ही नहीं, विरोध करने पर बस चालक और परिचालक ने महिला के साथ अभद्रता करते हुए उसे रायबरेली में बीच रास्ते उतार दिया और उसका सामान सड़क पर फेंक दिया।
पीड़िता के अनुसार उसने दिल्ली से अमेठी जाने के लिए चौधरी बस सर्विस में ₹2800 देकर सीट बुक कराई थी। उसे भरोसा दिलाया गया था कि यात्रा आरामदायक होगी, लेकिन बस में क्षमता से अधिक सवारियां भर ली गईं। ओवरलोड बस में महिला को उसकी आरक्षित सीट नहीं दी गई। जब उसने इसका विरोध किया तो चालक और परिचालक ने उसे टालना शुरू कर दिया।
महिला का आरोप है कि पूरी रात उसे बस की फर्श पर बैठकर और लेटकर सफर करना पड़ा। सफर के दौरान लगातार अपमान सहने के बाद जब उसने फिर से अपनी सीट की मांग की, तो बस स्टाफ भड़क गया। रायबरेली पहुंचने से करीब 60 किलोमीटर पहले ही शहर कोतवाली क्षेत्र के गोल चौराहा पर चालक और परिचालक ने महिला के साथ अभद्रता की और जबरन बस से नीचे उतार दिया।
इतना ही नहीं, महिला का सूटकेस, बैग और अटैची भी सड़क पर फेंक दी गई, जिससे उसका सामान क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। स्थानीय लोगों ने बस कर्मियों की हरकत पर नाराजगी जताई और मामले की सूचना पुलिस को दी।
पीड़िता ने बताया, “मैंने सीट के लिए ₹2800 दिए थे, लेकिन पूरी रात बस में जमीन पर बैठकर सफर किया। रायबरेली पहुंचने पर चालक ने मेरा सूटकेस सड़क पर फेंक दिया। मेरे साथ बेहद गलत व्यवहार किया गया।”
इस घटना ने एक बार फिर निजी बस संचालकों की मनमानी, अवैध वसूली और यात्रियों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार की पोल खोल दी है। सवाल यह उठता है कि आखिर परिवहन विभाग और स्थानीय प्रशासन ऐसे बस संचालकों पर कार्रवाई क्यों नहीं करता? क्या यात्रियों की सुरक्षा और सम्मान की कोई कीमत नहीं रह गई है?
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि चौधरी बस सर्विस की इस दबंगई से लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अनुज मौर्य रिपोर्ट


