रायबरेली में आफत बनकर आई आंधी-तूफान से भारी तबाही, कई गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त

6597

तेज तूफान का कहर, उड़ गए लोगों के आशियाने!

रायबरेली में मंगलवार देर शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम ने कुछ ही मिनटों में जिले के ग्रामीण और शहरी इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। तेज हवाओं की रफ्तार इतनी अधिक थी कि कई कच्चे मकानों की छतें उड़ गईं, पेड़ और बिजली के खंभे धराशायी हो गए, जबकि जगह-जगह टीनशेड और होर्डिंग्स गिर पड़े।

जिले की सदर तहसील सहित अन्य तहसील क्षेत्रों में तूफान का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। कई गांवों में लोगों के आशियाने उजड़ गए, जिससे परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए। तेज हवाओं और बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों में भारी नुकसान हुआ है।

तूफान के चलते बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही, जिससे लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। वहीं सड़कों पर पेड़ गिर जाने से यातायात भी प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर सरकारी वाहन, एंबुलेंस और अन्य इमरजेंसी सेवाओं के वाहन रास्ते में फंस गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में तूफान की भयावह तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें पेड़ उखड़ते और वाहन फंसे दिखाई दे रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि तूफान अचानक आया और तेज गर्जना के साथ कुछ ही मिनटों में भारी नुकसान पहुंचा गया। किसानों की फसलें भी तेज हवा और बारिश की चपेट में आ गईं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। खेतों में खड़ी फसलें जमीन पर बिछ गईं और कई किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया।

प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। साथ ही बिजली विभाग और राहत टीमों को तत्काल व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

👁 6.6K views
6.6K views
Click