रिश्तेदारी में आया युवक निकला चोर! ग्रामीणों ने रंगे हाथ दबोचा, पुलिस ले गई थाने

3686

ग्रामीणों का दावा- कई घरों में घुसकर की चोरी, कार्यवाहक थाना प्रभारी ने घटना की जानकारी से किया इंकार

रायबरेली-जगतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में चोरी की घटनाओं को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक युवक को कथित रूप से चोरी करते हुए पकड़ लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि युवक रिश्तेदारी में गांव आया था और देर रात कई घरों में घुसकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। संदेह होने पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उसकी तलाशी ली, जिसमें उसके पास से मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद हुआ।

ग्रामीणों के मुताबिक बरामद सामान की पहचान होने पर उसे संबंधित लोगों को वापस कर दिया गया। युवक को पकड़ने के बाद गांव में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने ले गई।

ग्रामीणों का कहना है कि युवक ने गांव के कई घरों को निशाना बनाया था और चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बन गया था। हालांकि पुलिस द्वारा मामले में क्या कार्रवाई की गई है, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

वहीं इस संबंध में जब कार्यवाहक थाना प्रभारी अजय मलिक से जानकारी ली गई तो उन्होंने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इंकार कर दिया। थाना प्रभारी के इस बयान के बाद मामला और अधिक चर्चा का विषय बन गया है। एक ओर ग्रामीण युवक को चोरी करते हुए पकड़ने का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस को घटना की जानकारी न होने की बात कही जा रही है।

ग्रामीणों और पुलिस के बयानों में विरोधाभास के चलते पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति को स्पष्ट करती है या नहीं।

अनुज मौर्य रिपोर्ट

👁 3.7K views
3.7K views
Click