शराब के लिए पैसे न देना पत्नी क़ो पड़ा भारी, शराबी पति ने पत्नी को लाठी-डंडों से पीटकर उतारा मौत के घाट

5609

रायबरेली डेस्क –गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ शराब के नशे में धुत एक पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी ही पत्नी की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, मासूम बच्चों के सिर से माँ का साया उठ गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र के बथुआ खास ग्राम सभा के पूरे खालेपुर गाँव का है। यहाँ का निवासी अमरनाथ शराब पीने का आदी है। घटना के वक्त अमरनाथ शराब के नशे में धुत होकर घर पहुँचा और अपनी पत्नी रीना (उम्र 35 वर्ष) से और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगा।
जब पत्नी रीना ने पैसे देने से इनकार किया, तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आपे से बाहर हुए अमरनाथ ने पास में रखे लाठी-डंडों से रीना पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी पति ने उसे तब तक बेरहमी से पीटा, जब तक कि उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत नहीं हो गई।
मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतका रीना अपने पीछे चार बेटे और एक छोटी बेटी को छोड़ गई है। सभी बच्चे अभी बहुत छोटे हैं। आँखों के सामने माँ की मौत और पिता के जेल जाने के बाद इन मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और उनके सिर से माता-पिता दोनों का साया एक साथ उठ गया है।

घटना की सूचना मिलते ही गुरबख्शगंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

“पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी पति अमरनाथ को हिरासत में ले लिया है और उसे थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। मामले में विधिक कार्रवाई प्रचलित है।”

अनुज मौर्य/प्रतीक सिंह रिपोर्ट

👁 5.6K views
5.6K views
Click