मुख्यमंत्री द्वारा नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन और ई पास मशीनों का किया गया लोकार्पण

11496

मुख्यमंत्री के द्वारा लोक भवन सभागार सचिवालय लखनऊ में नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन मॉडल उचित दर दुकान तथा ई-वेईंग स्केल युक्त ई-पॉस मशीनों के लोकार्पण किया गया। जनपद में नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन मॉडल उचित दर दुकानों तथा ई-वेईंग स्केल युक्त ई-पॉस मशीन का रामनगर में सांसद कुंवर पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश गुप्ता एवं नगर पालिका अध्यक्ष डॉ संतोष चौरसिया आदि जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।

नव निर्मित अन्नपूर्णा भवन मॉडल उचित दर दुकान के माध्यम से पी०एम० वाणी के अन्तर्गत ब्राड बैण्ड एवं सी०एस०सी० सेवा पर आय, जाति, निवास आदि प्रमाण पत्र बनवाने एवं विद्युत देयकों के भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ आम जनमानस की रोजमर्रा की आवश्यकता की वस्तुओं के बिकी की भी अनुमति प्रदान की गयी है। 484 वर्गफुट के परिसर में खाद्यान्न वितरण कक्ष, सी०एस०सी० कक्ष, जनोपयोगी वस्तुओं का विकय काउण्टर, उपभोक्ताओं के लिए बैठने का स्थान, सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था अन्तर्गत खाद्यान्न को अन्नपूर्णा भवन तक किसी भी मौसम में सुगमता से पहुंचने की सुविधा उपलब्ध है। जिला पूर्ति अधिकारी ने  अवगत कराया कि जनपद में पूर्व से ही ई-पॉस मशीनों के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से वितरण कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के निर्देशानुपालन में जनपद में ई-वेईंग स्केल युक्त ई-पॉस मशीनों की आपूर्ति की गयी है जिनको उचित दर विकेताओं को उपलब्ध कराया गया है। जनपद में प्राप्त ई-पॉस मशीनें को अब ई-वेईंग स्केल से लिंक किया गया है जिससे कार्डधारकों को वितरण प्रारम्भ किया जायेगा। ई-पॉस मशीनें, ई-वेईंग स्केल आपस में लिंक होने से कार्डधारकों को अनुमन्य मात्रा प्राप्त हो सकेगी तथा ई वेईंग स्केल युक्त ई-पॉस मशीनों के माध्यम से वितरण होने से कतिपय क्षेत्रों एवं विकेताओं के घटतौली किए जाने सम्बन्धी शिकायतों पर पूर्ण विराम लग जायेगा। लाभार्थियों को अनुमन्य आवश्यक वस्तुओं का ई-वेईंग स्केल मशीन से मिलान एवं सत्यापित होने के उपरांत ही ट्रांजेक्शन पूर्ण होगा जिससे लाभार्थियों को उनकी अनुमन्य मात्रा शत-प्रतिशत प्राप्त हो सकेगी।

कार्डधारक आधार प्रमाणीकरण के साथ-साथ आइरिस स्केन तथा ओ०टी०पी० के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त कर सकेगे। नवीन पी०ओ०एस० मशीन से कार्डधारकों को खाद्यान्न प्राप्ति की रसीद के साथ-साथ, उपभोक्ता के मोबाइल नम्बर पर एस.एम.एस. के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्ति की सूचना प्रेषित की जायेगी। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी चित्रसेन सिंह, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका अवधेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव तिवारी, डिप्टी आर. एम. ओ. आर. के. पांडे सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं राशन कार्ड धारक मौजूद रहे।

रिपोर्ट- राकेश कुमार अग्रवाल

👁 11.5K views
11.5K views
Click