पूर्व सैनिकों के लिए ड्रोन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ,यूपी पूर्व सैनिक कल्याण निगम एवं ईएमई ब्रांच का संयुक्त प्रयास,पुनर्वास व रोजगार के नए अवसर खुलेंगे

4747

लखनऊ,डेस्क । पूर्व सैनिकों को आधुनिक तकनीकी सुरक्षा सेवाओं से जोड़ने और उनके लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से यूपी पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड (यूपीपीएसकेएनएल) एवं सेंट्रल कमांड की ईएमई ब्रांच के संयुक्त तत्वावधान में 215 फील्ड वर्कशॉप कंपनी, लखनऊ कैंट में 11 मई से 17 मई 2026 तक सात दिवसीय ड्रोन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

यह पहल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सुरक्षा सेवाओं में ड्रोन सर्विलांस, एज एआई, स्मार्ट सीसीटीवी मॉनिटरिंग एवं आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर दिए गए विशेष बल के क्रम में प्रारंभ की गई है। इस संबंध में निगम के प्रबंध निदेशक एवं ईएमई ब्रांच, सेंट्रल कमांड के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच विस्तृत विचार-विमर्श के उपरांत कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया।

प्रशिक्षण में सेना की विभिन्न तकनीकी शाखाओं के कुल 31 पूर्व सैनिक भाग ले रहे हैं। इनमें ईएमई कोर के तकनीकी पूर्व सैनिकों के साथ-साथ निगम के माध्यम से एसजीपीजीआई, एम्स, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संस्थानों में कार्यरत पूर्व सैनिक भी शामिल हैं।

यह सात दिवसीय प्रशिक्षण डीजीसीए प्रमाणित प्रशिक्षकों द्वारा संचालित किया जा रहा है, जिसमें निम्न प्रमुख विषय शामिल हैं—

यूएवी एवं ड्रोन का मूल परिचय

डीजीसीए ड्रोन रूल्स 2021

फ्लाइट कंट्रोलर एवं ड्रोन कम्युनिकेशन

सिम्युलेटर आधारित प्रशिक्षण

प्री-फ्लाइट सुरक्षा प्रक्रिया

ड्रोन उड़ान एवं मिशन प्लानिंग

इमरजेंसी हैंडलिंग एवं ऑब्स्टेकल नेविगेशन

प्रायोगिक परीक्षा एवं प्रमाणन

प्रशिक्षण कार्यक्रम डीजीसीए मानकों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों को ड्रोन आधारित सुरक्षा एवं सर्विलांस सेवाओं के लिए दक्ष बनाना है, ताकि भविष्य में उन्हें सरकारी संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं महत्वपूर्ण परियोजनाओं में तैनात किया जा सके।

निगम के प्रबंध निदेशक मेजर जनरल शरद बिक्रम सिंह (सेवानिवृत्त) ने ‘पुनीत संदेश’ संवाददाता से बातचीत में कहा कि यह पहल पूर्व सैनिकों के तकनीकी कौशल विकास एवं रोजगार संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों के पुनर्वास एवं समग्र विकास के लिए दिए जा रहे निर्देशों को प्रभावी रूप से लागू करने में निगम कोई कसर नहीं छोड़ेगा।

  • अनुज मौर्य रिपोर्ट
👁 4.7K views
4.7K views
Click